विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में उद्योगों की दस्तक से जगी रोजगार की आस, 8 माह में 38 इकाइयों को हरी झंडी

Published: Sun, 01 Nov 2026 09:55 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में औद्योगिक विकास तेजी से बढ़ रहा है, जहां पिछले आठ महीनों में 38 नई इकाइयों को मंजूरी मिली ...और पढ़ें

इसमें एआई जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।

इसमें एआई जनरेटेड तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. मुजफ्फरपुर में आठ माह में 38 नई औद्योगिक इकाइयां स्वीकृत।

  2. ब्लूसेफ आरओ सिस्टम बेला में आरओ प्लांट लगाएगा।

  3. खाद्य, चमड़ा, ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश से रोजगार बढ़ेगा।

अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर में औद्योगिक विकास की रफ्तार तेज हो रही है। जिले में नए कारखाने लगाने के लिए निवेशक लगातार आगे आ रहे हैं। इसी कड़ी में बेला औद्योगिक क्षेत्र में एक और नई उत्पादन इकाई स्थापित करने की मंजूरी की अनुशंसा की गई है।

मेसर्स ब्लूसेफ आरओ सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड यहां आरओ वाटर प्यूरीफायर का निर्माण करेगी। जिले में मार्च से अक्टूबर तक कुल 38 नई औद्योगिक इकाइयों को मंजूरी मिल चुकी है। इनमें पिछले तीन महीनों के दौरान 24 इकाइयां शामिल हैं। लगातार मिल रही स्वीकृति से जिले में निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद बढ़ी है।

बेला में बनेगा आरओ वाटर प्यूरीफायर

राज्य स्तर पर हुई बैठक में ब्लूसेफ आरओ सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड की औद्योगिक इकाई को मंजूरी की अनुशंसा मिली है। कंपनी बेला औद्योगिक क्षेत्र में उत्पादन केंद्र स्थापित करेगी। यहां आरओ वाटर प्यूरीफायर का निर्माण किया जाएगा। इससे जिले में निर्माण क्षेत्र की एक नई औद्योगिक गतिविधि शुरू होगी।

जुलाई में 21 इकाइयों को मिली मंजूरी

विभागीय जानकारी के अनुसार, दो जुलाई को चार औद्योगिक इकाइयों को मंजूरी दी गई थी। इनमें अनवीरा ग्रीन एनर्जी, जमुनी फूड पैकेजिंग, मनोज खाद्यान्न भंडार और शिव शक्ति उद्योग शामिल हैं। इन इकाइयों में पेपर कप, मिनरल वाटर और कांटेदार तार का उत्पादन प्रस्तावित है।

इसके बाद 23 जुलाई को एक साथ 17 इकाइयों को स्वीकृति मिली। इनमें मुजफ्फरपुर बायो फ्यूल्स को एथनाल, सूरज बेक्स को बिस्कुट, एनवायरो टेक को सोलर स्ट्रीट लाइट, प्रिंस पेंट्स को दीवार पेंट और जायरो एग्रो को उसना चावल उत्पादन की अनुमति मिली। वहीं, आरएमएस सर्जिकल डिस्पोजेबल सीरिंज और धनधानिया इंडस्ट्रीज यूपीवीसी प्रोफाइल का निर्माण करेगी।

खाद्य से लेकर चमड़ा उद्योग तक निवेश

दामोदरपुर में अन्नपूर्णा फूड्स को नूडल्स-पास्ता निर्माण की मंजूरी मिली है। वहीं, नीरमय फूड्स और टेस्टगो फूड्स बिस्कुट बनाएंगी। बरियारपुर में ड्राईकेम दीवार पुट्टी और आर्यन कंस्ट्रक्शन मॉड्यूलर कंटेनर का निर्माण करेगी। बेला में आशीर्वाद पालिमर्स पीवीसी पाइप और एमईपी में दीब्रत प्रोडक्ट्स अगरबत्ती बनाएगी।

महवल लेदर क्लस्टर में भी निवेश का रास्ता खुला है। यहां पटना लेदर, एबीसी लेदर और देव हैंडीक्राफ्ट्स को चमड़े के वस्त्र, बैग और बेल्ट निर्माण की अनुमति मिली है।

अक्टूबर में तीन इकाइयों को स्वीकृति

16 अक्टूबर को ब्लूसेफ आरओ सिस्टम के अलावा ग्रीनवेगा बायो एनर्जी और गीता एंटरप्राइजेज को भी स्वीकृति मिली। ग्रीनवेगा बायो एनर्जी में बायोगैस और गीता एंटरप्राइजेज में मिक्सर मशीन का निर्माण प्रस्तावित है।

रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद

लगातार नई औद्योगिक इकाइयों को मिल रही मंजूरी से जिले में खाद्य प्रसंस्करण, ऊर्जा, निर्माण सामग्री और चमड़ा उद्योग का दायरा बढ़ रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

मोतीपुर में विस्तार हो रहा औद्योगिक क्षेत्र भी निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। बेला से लेकर मोतीपुर तक औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार से मुजफ्फरपुर की औद्योगिक पहचान मजबूत होने की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।