Muzaffarpur News : नए भवनों में प्रत्येक 30 मीटर पर होगा बाहर निकलने का रास्ता, लिफ्ट इमरजेंसी एग्जिट नहीं
Muzaffarpur building bylaws: नए बिल्डिंग बायलाज के तहत मुजफ्फरपुर में अब हर भवन में आपात स्थिति में सुरक्षित निकलने के लिए अधिकतम 30 मीटर पर निकास द्वार होगा। लिफ्ट और एस्केलेटर को आपातकालीन निकास नहीं माना जाएगा।

अब भवनों से सुरक्षित बाहर निकलने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। (फोटो-AI जनरेटेड)
HighLights
प्रत्येक तल पर 30 मीटर के भीतर सुरक्षित निकास द्वार।
निकास द्वार की चौड़ाई 100 सेमी, ऊंचाई 200 सेमी अनिवार्य।
लिफ्ट, एस्केलेटर आपातकालीन निकास के रूप में मान्य नहीं।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। किसी भवन में अचानक आग लग जाए या कोई दूसरी आपात स्थिति पैदा हो जाए तो लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
नए बिल्डिंग बायलाज में ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि किसी भी तल पर मौजूद व्यक्ति को अधिकतम 30 मीटर की दूरी तय करने पर सुरक्षित निकास द्वार मिल जाए।
भवनों में आग से बचाव और आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षित निकासी को ध्यान में रखते हुए यह प्रविधान किया गया है। नए नियमों में निकास द्वार, सीढ़ियों की चौड़ाई और एक साथ कितने लोग बाहर निकल सकेंगे, इसका भी मानक तय किया गया है।
30 मीटर से अधिक नहीं होगी दूरी
नए नियम के अनुसार, भवन के प्रत्येक तल पर निकास की व्यवस्था इस तरह करनी होगी कि किसी भी स्थान से सुरक्षित निकास तक पहुंचने के लिए 30 मीटर से अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़े। इसका उद्देश्य आग लगने या अन्य आपात स्थिति में लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है।
निकास द्वार की चौड़ाई 100 सेंटीमीटर जरूरी
बिल्डिंग बायलाज में निकास द्वार के आकार को लेकर भी स्पष्ट मानक तय किया गया है। किसी भी निकास द्वार की चौड़ाई 100 सेंटीमीटर से कम नहीं होगी। वहीं, दरवाजे की ऊंचाई कम से कम 200 सेंटीमीटर रखनी होगी। इससे आपात स्थिति में लोगों को बाहर निकलने में परेशानी नहीं होगी।
लिफ्ट और एस्केलेटर से नहीं मिलेगी निकास की मान्यता
नियमों में स्पष्ट किया गया है कि लिफ्ट और चलती सीढ़ियों यानी एस्केलेटर को आपातकालीन निकास नहीं माना जाएगा। आग लगने की स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित होने से लिफ्ट बंद हो सकती है। ऐसे में लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए सीढ़ियों और निर्धारित निकास द्वार की व्यवस्था अनिवार्य होगी।
पतली सीढ़ियां नहीं मानी जाएंगी निकास का रास्ता
निकास की चौड़ाई तय करने में सीढ़ियों के आकार का भी ध्यान रखा जाएगा। 25 सेंटीमीटर से कम चौड़ी सीढ़ी को निकास की चौड़ाई में शामिल नहीं किया जाएगा। यानी केवल सीढ़ी बना देने से उसे आपातकालीन निकास का दर्जा नहीं मिलेगा। इसके लिए निर्धारित मानकों का पालन करना होगा।
एक सीढ़ी और दरवाजे की क्षमता भी तय
नए बायलाज में यह भी निर्धारित किया गया है कि अलग-अलग प्रकार के भवनों में एक सीढ़ी और एक दरवाजे से कितने लोग सुरक्षित बाहर निकल सकेंगे। इससे भवन की क्षमता के अनुसार निकास की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
सुरक्षित रास्ते से जुड़ेंगे सभी निकास द्वार
सभी निकास द्वार ऐसे स्थानों पर खुलने चाहिए, जहां से लोगों को लगातार सुरक्षित रास्ता मिल सके। इसके लिए बंद सीढ़ी, क्षैतिज निकास, गलियारे या अन्य सुरक्षित मार्ग से निकास द्वार को जोड़ना होगा। इसका मकसद यह है कि आपात स्थिति में लोग किसी बंद या असुरक्षित जगह पर फंसने के बजाय सीधे सुरक्षित स्थान तक पहुंच सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।