विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर के गोबरसही चौक पर जाम से मिलेगी राहत, ROB के लिए डुमरी में जमीन लेने की तैयारी

Published: Thu, 26 Nov 2026 09:43 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के गोबरसही आरओबी निर्माण के लिए डुमरी में लगभग सात डिसमिल भूमि अधिग्रहण की तैयारी तेज हो गई है। इस प्रक्रिया पर 14 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।

मुजफ्फरपुर के गोबरसही में आरओबी निर्माण को लेकर चल रही तैयारी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

मुजफ्फरपुर के गोबरसही में आरओबी निर्माण को लेकर चल रही तैयारी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur land acquisition : मुजफ्फरपुर के गोबरसही आरओबी निर्माण की राह में जमीन की जरूरत पूरी करने के लिए अब डुमरी की ओर अधिग्रहण की तैयारी तेज हो गई है।

करीब सात डिसमिल भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इसकी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है।

इस जमीन के अधिग्रहण पर 14 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। जमीन मिलने के बाद आरओबी के निर्माण कार्य को गति देने में मदद मिलेगी। हालांकि, अधिग्रहण की जद में डुमरी रोड के कुछ मकान और दुकान भी आ सकते हैं।

प्रमंडलीय आयुक्त की स्वीकृति के लिए भेजा प्रस्ताव

जिला भू-अर्जन कार्यालय की ओर से अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार कर समाहर्ता के माध्यम से प्रमंडलीय आयुक्त को भेजा गया है। इसके लिए स्वीकृति की अनुशंसा की गई है।

मंजूरी मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डुमरी रोड में कुछ मकान और दुकान अधिग्रहण की जद में आ सकते हैं।

निर्माण कार्य के लिए इन्हें हटाने की जरूरत पड़ सकती है। संबंधित मकान और दुकान मालिकों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।

167 करोड़ से बन रहा चार रैंप वाला आरओबी

गोबरसही आरओबी का निर्माण करीब 167 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। पुल चार रैंप वाला होगा, जिससे अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

सर्किट हाउस की ओर से पुल पर चढ़ने के बाद भगवानपुर और मझौलिया की ओर दो रैंप होंगे। वहीं, डुमरी की ओर भी रैंप का निर्माण किया जाएगा। गुजरात की रचना कंस्ट्रक्शन कंपनी इस परियोजना का निर्माण कर रही है।

चौक के ऊपर बनेगा 45 मीटर का एलिवेटेड चौराहा

योजना के तहत गोबरसही चौक के ठीक ऊपर करीब 45 मीटर लंबा एलिवेटेड चौराहा बनाया जाएगा। इसके माध्यम से वाहन पुल पर रहते हुए ही चारों दिशाओं में मुड़ सकेंगे। इससे चौक पर वाहनों का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत देने में मदद मिलने की उम्मीद है।

1.33 किलोमीटर तक होगा पुल का विस्तार

गोबरसही आरओबी की कुल लंबाई करीब 1.30 से 1.33 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इसमें माड़ीपुर की ओर से करीब 520 मीटर और भगवानपुर स्थित एक माल से साइंस कॉलेज की ओर करीब 600 मीटर का हिस्सा शामिल है। पुल की चौड़ाई 8.50 मीटर निर्धारित की गई है।

यह भी पढ़ें- 15 दिनों का इंतजार खत्म, मुजफ्फरपुर स्टेशन से अब फिर दूसरे शहरों में भेज सकेंगे बाइक और सामान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।