विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar News: सर्दी-खांसी या बुखार में खुद से न खाएं एंटीबायोटिक, वरना जरूरत पर नहीं करेगी असर

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:48 PM (IST)

Antibiotic Resistance : सर्दी-खांसी या बुखार में बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेने से दवाएं बेअसर हो सकती हैं, जिससे भविष्य में गंभीर संक्रमण का इलाज मुश्किल होगा। मुजफ्फरपुर में आईडीएसपी ने लोगों को एंटीबायोटिक के सही इस्तेमाल और कोर्स पूरा करने के प्रति जागरूक किया।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. बिना डॉक्टर सलाह एंटीबायोटिक लेने से दवाएं बेअसर होती हैं।

  2. अधूरा एंटीबायोटिक कोर्स भविष्य में गंभीर संक्रमण मुश्किल बनाता है।

  3. मुजफ्फरपुर में आईडीएसपी ने एंटीबायोटिक जागरूकता अभियान चलाया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सर्दी-खांसी या हल्का बुखार होते ही मेडिकल स्टोर से एंटीबायोटिक दवा खरीदकर खाना कई लोगों की आदत बन गई है। शुरुआत में भले ही यह आसान उपाय लगे, लेकिन आपकी यह आदत भविष्य में गंभीर संक्रमण के इलाज में बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकती है।

बिना चिकित्सक की सलाह के एंटीबायोटिक का सेवन करने से बैक्टीरिया पर दवाओं का असर कम होने लगता है। ऐसे में जरूरत पड़ने पर भी दवाएं बेअसर साबित हो सकती हैं। इसी खतरे को देखते हुए गुरुवार को सदर अस्पताल में इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (आइडीएसपी) की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया।

खुद से दवा लेना पड़ सकता है भारी

अभियान के दौरान सिविल सर्जन डा. सुधीर कुमार ने मरीजों और उनके स्वजन को एंटीबायोटिक के अनावश्यक इस्तेमाल से होने वाले नुकसान बताए। उन्होंने कहा कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के एंटीबायोटिक का सेवन सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है। इसके अत्यधिक इस्तेमाल से दवाओं के प्रति बैक्टीरिया में प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने लगती है। इससे संक्रमण के इलाज में परेशानी होती है।

सामान्य बुखार में भी न लें एंटीबायोटिक

अस्पताल उपाधीक्षक डा. ज्ञानेंदु शेखर और डा. विभाष ने बताया कि अक्सर लोग सामान्य सर्दी-खांसी और बुखार होने पर भी मेडिकल दुकानों से खुद एंटीबायोटिक खरीदकर सेवन करने लगते हैं। यह आदत नुकसानदेह है। एंटीबायोटिक का इस्तेमाल केवल चिकित्सक की सलाह पर ही करना चाहिए।

अधूरा कोर्स छोड़ना भी खतरनाक

आइडीएसपी के मो. यूनुस और विक्रम कुमार ने लोगों को दवाओं के सही इस्तेमाल के बारे में जागरूक किया। उन्होंने अपील की कि कोई भी दवा चिकित्सक की सलाह और निर्धारित डोज के अनुसार ही लें। एंटीबायोटिक का कोर्स बीच में नहीं छोड़ें। दवा का अनियमित या गलत इस्तेमाल भविष्य में गंभीर संक्रमण के उपचार को मुश्किल बना सकता है।

ओपीडी में मरीजों को किया जागरूक

जागरूकता अभियान के तहत चिकित्सकों की टीम ने सदर अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे मरीजों और उनके स्वजन को एंटीबायोटिक के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। उन्हें बताया गया कि दवाओं का इस्तेमाल बीमारी की प्रकृति और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार करना जरूरी है।

यह भी पढ़ें- बिहार में अब हर सोमवार शिक्षा विभाग की 6 योजनाओं की समीक्षा करेंगे डीएम, मुख्यालय भेजनी होगी रिपोर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।