Bihar News : अब पटना-दरभंगा जाने की मजबूरी होगी खत्म, मुजफ्फरपुर से ही उड़ान भरेंगे विमान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में मुजफ्फरपुर के पताही हवाई अड्डे के ब्राउनफील्ड जीर्णोद्धार का शिलान्यास किया। 58.87 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह हवाई अड्डा मुजफ्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों में हवाई संपर्क, आर्थिक गतिविधियों और रोजगार को बढ़ावा देगा।

मुजफ्फरपुर में पताही हवाई अड्डा के निर्माण कार्य में लगे श्रमिक। जागरण
HighLights
पीएम मोदी ने पताही हवाई अड्डे का शिलान्यास किया।
58.87 करोड़ रुपये से होगा हवाई अड्डे का जीर्णोद्धार।
मुजफ्फरपुर में हवाई संपर्क और विकास को मिलेगा बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। जिले से विमान सेवा शुरू होने का सपना अब शीघ्र पूरा होगा। जिलेवासियों को अब दरभंगा या पटना से विमान सेवा का लाभ लेने के लिए जाना नहीं पड़ेगा। वे पताही से ही इसका लाभ ले सकेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में आयोजित कार्यक्रम से ब्राउनफील्ड पताही हवाई अड्डा का शिलान्यास किया। हवाई अड्डा के जीर्णोद्धार पर 58.87 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इससे बनने से और विमान सेवा शुरू होने से मुजफ्फरपुर और आसपास के क्षेत्र में हवाई संपर्क व क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी। पताही हवाई अड्डा पर कार्यक्रम को लाइव देने की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में जीविका दीदी और आमलोग भी मौजूद रहे।
जीविका दीदियों ने कहा कि हमलोगों ने कभी देखा नहीं है, लेकिन सुना है कि बहुत पहले यहां से हवाई जहाज उड़ता था। अब यह सपना प्रधानमंत्री फिर साकार कर रहे हैं। हवाई अड्डा का डिजाइन और मास्टर प्लान को भी फ्रेम कर वहां रखा गया था। इसे देखकर हर कोई तारीफ कर रहा था।
विदित हो कि हवाई अड्डा को विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। रनवे निर्माण का काम किया जा रहा है। विमानों को खड़ा करने के लिए पार्किंग वे का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा टर्मिनल भवन का भी काम चल रहा है। एयरपोर्ट आथिरीटी आफ इंडिया की टीम वहां पर मैपिंग और एलाइनमेंट मिलान का काम कर रही है।
आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी, होगा चौतरफा विकास
पताही हवाई अड्डा के विकसित होने और यहां से विमान सेवा शुरू होने से आर्थिक और व्यवसायिक गतिविधियां बढ़ेंगी। आवागमन का साधन सुलभ होगा तो बड़े-बड़े उद्योगपति भी जिले में निवेश करने में रुचि लेंगे।
बेला, मोतीपुर के बाद पारू औद्योगिक क्षेत्र बन रहा है। हवाई सेवा शुरू होने से बड़ी-बड़ी कंपनियां यहां निवेश करने में रुचि लेंगी। क्षेत्र का भी तेजी से विकास होगा। सड़कें भी दुरुस्त रहेंगी। रोजगार के भी मार्ग प्रशस्त होंगे।
एक नजर में हवाई अड्डा विकसित करने की परियोजना :
- यह परियोजना केंद्र सरकार की उड़ान क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत छोटे विमानों के संचालन के लिए विकसित की जा रही है।
- यह हवाई अड्डा करीब 106 एकड़ क्षेत्र में फैला है और टर्मिनल, भवनों व एयरसाइड ढांचे के लिए 58.87 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- विकास कार्य पूरा होने के बाद यहां से छोटे विमानों (जैसे 19 सीटर विमान) की वाणिज्यिक सेवाएं शुरू करने की योजना है।- इसमें आधुनिक पूर्वनिर्मित स्टील टर्मिनल भवन, रनवे रीकार्पेटिंग/सुधार, टैक्सीवे, एप्रन, पार्किंग स्थल, एटीसी टावर, संचालन भवन और अग्निशमन केंद्र शामिल हैं।
- हवाई अड्डा परिसर में एक विमानन प्रशिक्षण केंद्र (एविएशन ट्रेनिंग सेंटर) स्थापित करने का भी प्रस्ताव है।
- अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की नहीं होगी आवश्यकता, इसलिए ब्राउनफील्ड की श्रेणी में रखा गया। यानी पुरानी जगह को जीर्णोद्धार करने का काम किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बिहार सरकार का बड़ा फैसला, देश के पांच विश्वविद्यालयों की इंजीनियरिंग डिप्लोमा डिग्री हुई अमान्य
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।