बिहार में कारोबार करना होगा आसान, सड़क-पुल और माल ढुलाई की सुविधाओं का होगा आकलन
केंद्र सरकार बिहार में सड़कों और पुलों की गुणवत्ता जांचने के लिए लीड्स सर्वे कराएगी, जिसका उद्देश्य राज्य में निवेश ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
केंद्र सरकार बिहार में लीड्स सर्वे कराएगी।
सड़क, पुल गुणवत्ता से निवेश आकर्षित होगा।
बिहार लॉजिस्टिक्स हब के रूप में उभरेगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बिहार की सड़कों और पुलों की गुणवत्ता अब निवेश की राह भी तय करेगी। राज्य के सभी जिलों में सड़क, पुल और परिवहन सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए केंद्र सरकार लीड्स सर्वे कराने जा रही है। इस सर्वे में सड़क और पुलों की गुणवत्ता के साथ लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का भी आकलन किया जाएगा।
सर्वे की रैंकिंग बेहतर रही तो बिहार में उद्योगों और कारोबार के विस्तार का रास्ता आसान होगा। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा और राज्य लॉजिस्टिक्स हब के रूप में अपनी पहचान बना सकेगा।
सभी जिलों की होगी पड़ताल
भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग की ओर से यह सर्वे कराया जाएगा। इसके माध्यम से राज्य के सभी जिलों में सड़क, पुल और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर की वास्तविक स्थिति की जानकारी जुटाई जाएगी। इससे परिवहन व्यवस्था की मजबूती और कमियों का आकलन हो सकेगा।
क्या है लीड्स सर्वे
लीड्स यानी लॉजिस्टिक्स ईज एक्रॉस डिफरेंट स्टेट्स। यह राज्यों में लॉजिस्टिक्स सुविधाओं और माल ढुलाई की व्यवस्था का आकलन करने का एक महत्वपूर्ण मापदंड है। इसका उद्देश्य परिवहन और माल ढुलाई को आसान बनाना, समय बचाना और लॉजिस्टिक्स की लागत कम करना है।
बेहतर रैंकिंग से बढ़ेगा निवेश
सर्वे में बिहार की रैंकिंग बेहतर रहती है तो इसका फायदा राज्य को लंबे समय तक मिल सकता है। सड़क, पुल और परिवहन सुविधाएं बेहतर होने से उद्योगों तक कच्चा माल पहुंचाना और तैयार उत्पादों को बाजार तक ले जाना आसान होगा। इससे निवेशकों की रुचि बढ़ेगी और नए उद्योगों की स्थापना की संभावनाएं मजबूत होंगी।
कार्यपालक अभियंता बने नोडल पदाधिकारी
सर्वे की तैयारी को लेकर पथ निर्माण विभाग ने संतपाल गुप्ता, कार्यपालक अभियंता (यांत्रिक) को नोडल पदाधिकारी नामित किया है। वे सर्वे टीम को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के साथ सभी जिलों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करेंगे। विभाग की ओर से सभी जिलों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है।
अभी तय नहीं हुई सर्वे की तारीख
सर्वेक्षण की तारीख अभी निर्धारित नहीं की गई है। इसके लिए शीघ्र जानकारी उपलब्ध कराने की बात कही गई है। सर्वे टीम के पहुंचने पर जिलों के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराना होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।