दीपावली और छठ की छुट्टी से टली उमंग प्रतियोगिता, 19 नवंबर को खुलेंगे इंजीनियरिंग और पालीटेक्निक कालेज
Bihar Umang Competition Schedule:बिहार के इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में होने वाली उमंग प्रतियोगिता दीपावली और छठ की छुट्टियों के ...और पढ़ें

विभाग ने कालेज स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 15 नवंबर तक आयोजन कराने का निर्देश दिया था।
HighLights
उमंग प्रतियोगिता दीपावली और छठ की छुट्टियों के कारण स्थगित।
अब 20 नवंबर के बाद आयोजित होगी कॉलेज स्तरीय प्रतियोगिता।
मोतिहारी नोडल संस्थान, तिरहुत प्रमंडल की मेजबानी करेगा।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Engineering College Sports Competition: बिहार के इंजीनियरिंग और पालीटेक्निक कालेजों में आयोजित होने वाली कालेज स्तरीय उमंग प्रतियोगिता की तिथि बढ़ाई जाएगी।
संस्थानों में दीपावली और छठ की छुट्टियां शुरू हो जाने के कारण निर्धारित समय पर प्रतियोगिता का आयोजन संभव नहीं है।
विभाग ने कालेज स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 15 नवंबर तक आयोजन कराने का निर्देश दिया था, जबकि संस्थान अब सीधे 19 नवंबर को खुलेंगे।
20 नवंबर के बाद आयोजन संभव
ऐसे में कालेजों में उमंग प्रतियोगिता का आयोजन 20 नवंबर या इसके बाद ही हो सकेगा। सत्र 2026-27 के लिए प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर कालेजों को पहले ही जानकारी दी जा चुकी है।
कालेज स्तरीय प्रतियोगिता के बाद प्रमंडल और फिर राज्य स्तर पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। कालेज स्तर पर आयोजन में देरी का असर प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता की निर्धारित समय-सीमा पर भी पड़ सकता है।
21 से 30 नवंबर तक प्रमंडलीय आयोजन
फिलहाल प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 21 से 30 नवंबर तक की तिथि निर्धारित है। वहीं, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 15 जनवरी के बाद किया जाएगा।
प्रतियोगिताएं बालक और बालिका, दोनों वर्गों में होंगी। इनमें विभिन्न खेलों के साथ साहित्यिक और अन्य कलाओं से जुड़ी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
क्रिकेट केवल बालक वर्ग में
टीम स्पर्धाओं में क्रिकेट, वालीबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कबड्डी और रिले दौड़ समेत अन्य प्रतियोगिताएं होंगी। क्रिकेट का आयोजन केवल बालक वर्ग में किया जाएगा।
वहीं, व्यक्तिगत स्पर्धाओं में कैरम, चेस, 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ शामिल है। इसके अलावा लांग जंप, हाई जंप, जेवलिन, शाटपुट और डिस्कस थ्रो की प्रतियोगिताएं बालक और बालिका, दोनों वर्गों में होंगी।
मोतिहारी में बनाए गए नोडल संस्थान
कालेज स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता टीमें प्रमंडल स्तरीय मुकाबले में शामिल होंगी। इसी तरह प्रमंडल स्तर की विजेता और उपविजेता टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
तिरहुत प्रमंडल के इंजीनियरिंग और पालीटेक्निक कालेजों की प्रतियोगिता के लिए मोतिहारी कालेज आफ इंजीनियरिंग और राजकीय पालीटेक्निक मोतिहारी को नोडल संस्थान बनाया गया है। इससे पहले लगातार दो वर्षों तक तिरहुत प्रमंडल की इंजीनियरिंग कालेजों की प्रतियोगिता की मेजबानी एमआइटी ने की थी।