जनता से पहले खुद के घर पर सोलर प्लांट लगाएंगे बिजलीकर्मी, बिहार में 'कहने से पहले करने' का फॉर्मूला शुरू
Bihar Electricity Department: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के लिए बिहार बिजली विभाग ने अनूठी पहल ...और पढ़ें

अब विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपने खुद के घरों पर सोलर प्लांट लगवाएंगे।
HighLights
बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारी पहले अपने घरों पर सोलर प्लांट लगाएंगे।
सीएमडी अजय यादव ने योजना को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
मुजफ्फरपुर में अधीक्षण अभियंता ने अपने आवास पर शुरुआत की।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Pradhan Mantri Surya Ghar Yojana: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को धरातल पर उतारने और आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने के लिए बिहार बिजली विभाग ने एक अनूठी और अनुकरणीय पहल की है।
जनता से अपील करने से पहले अब विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपने खुद के घरों पर सोलर प्लांट लगवाएंगे। 'कहने से पहले खुद करके दिखाएं' की इस सोच को आगे बढ़ाते हुए विभाग के शीर्ष नेतृत्व ने इसकी शुरुआत अपने आवासों से करने का बड़ा फैसला लिया है, जो समाज के लिए एक बेहतर उदाहरण के रूप में सामने आ रहा है।
सीएमडी का कड़ा निर्देश
दीपावली से ठीक पहले ऊर्जा विभाग के सीएमडी अजय यादव ने राज्य के तमाम बिजली अधिकारियों के लिए यह आदेश जारी किया है। इस दौरान ऊर्जा विभाग के डायरेक्टर प्रोजेक्ट ईश्वर चंद्र यादव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सीएमडी और डायरेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस योजना की शुरुआत उनके अपने घरों से की जाए। विभाग का मानना है कि जब बिजली कर्मी खुद सौर ऊर्जा अपनाएंगे, तो इससे आम लोगों के बीच एक मजबूत और सकारात्मक संदेश जाएगा, जिससे लोग तेजी से इस योजना से जुड़ेंगे।
मुजफ्फरपुर में पहले ही पहल
मुजफ्फरपुर बिजली सर्किल में इस सकारात्मक पहल की शुरुआत विद्युत अधीक्षण अभियंता पंकज राजेश ने पहले ही कर दी है। उन्होंने धनतेरस के पावन अवसर पर अपने सरकारी आवास पर सोलर प्लांट स्थापित करवा लिया।
इसके बाद उन्होंने पूरे सर्किल के सभी विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को अपने-अपने आवास पर सोलर प्लांट लगाने का निर्देश दिया।
साथ ही, सभी सहायक अभियंताओं, कनीय अभियंताओं और अन्य कर्मचारियों को भी जल्द से जल्द अपने घरों में सोलर यूनिट लगवाने को कहा गया है।
बैठक में अधिकारियों की सहमति
इस संबंध में हुई महत्वपूर्ण बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता श्रवण ठाकुर, किशोर सिंह, पंकज कुमार, मनोज जायसवाल, मो. साजिद हुसैन और मैनेजर गौरव कुमार समेत कई अधिकारियों ने हिस्सा लिया और स्वेच्छा से अपने घरों पर सोलर प्लांट लगवाने की जानकारी साझा की।
विभाग की इस दूरदर्शी सोच से न केवल सरकारी भवनों और परिसरों में हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि मुजफ्फरपुर समेत पूरे बिहार में सौर ऊर्जा के प्रति आम जनता का रुझान भी तेजी से बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर नहीं कटेगी लाइट, मुजफ्फरपुर सीतामढ़ी और शिवहर में अलर्ट पर बिजलीकर्मी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।