विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के 33 जिलों में BSNL की 215 भूखंड का दाखिल खारिज नहीं, मुजफ्फरपुर में सात प्लाट

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:30 AM (IST)

बिहार के 33 जिलों में बीएसएनएल के 215 भूखंडों का दाखिल खारिज वर्षों से लंबित है, जिससे अतिक्रमण और विवाद का खतरा बढ़ गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी जिला समाहर्ताओं को संबंधित सीओ को शीघ्र दाखिल खारिज करने का निर्देश देने का अनुरोध किया है।

पदाधिकारी ने सभी जिलों के समाहर्ताओं को इससे अवगत कराते हुए संबंधित सीओ को शीघ्र दाखिल खारिज करने का निर्देश देने का अनुरोध किया है।

पदाधिकारी ने सभी जिलों के समाहर्ताओं को इससे अवगत कराते हुए संबंधित सीओ को शीघ्र दाखिल खारिज करने का निर्देश देने का अनुरोध किया है।

HighLights

  1. बिहार के 33 जिलों में 215 बीएसएनएल भूखंडों का दाखिल खारिज लंबित।

  2. अतिक्रमण, विवाद और विकास कार्यों में बाधा बन रही यह समस्या।

  3. राजस्व विभाग ने दाखिल खारिज प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

बाबुल दीप, मुजफ्फरपुर। Bihar Revenue And Land Reforms Department: राज्य के 33 जिलों में बीएसएनएल की भूमि का वर्षों बाद भी दाखिल खारिज नहीं हो सका है, जबकि इन जमीनों पर बीएसएनएल का कब्जा है और कागजात में यह सरकार के नाम दर्ज है।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी ने सभी जिलों के समाहर्ताओं को इससे अवगत कराते हुए संबंधित सीओ को शीघ्र दाखिल खारिज करने का निर्देश देने का अनुरोध किया है।

सरकारी भूमि की गलत तरीके से खरीद बिक्री के मामले सामने आने के बाद सभी विभाग अलर्ट हो गए हैं और दाखिल खारिज की प्रक्रिया शुरू की गई है।

215 भूखंड चिह्नित किए गए

राज्य के सभी जिलों में कुल 215 भूखंड चिह्नित किए गए हैं, जहां बीएसएनएल का कब्जा है लेकिन दाखिल खारिज नहीं हुई है।

इनमें मुजफ्फरपुर में सात, भागलपुर में आठ और पटना में सर्वाधिक 28 भूखंड शामिल हैं। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बीएसएनएल की जमीन का सरकारी रिकॉर्ड साफ करना है।

विवाद और अतिक्रमण का खतरा

लंबे समय से दाखिल खारिज नहीं होने से दस्तावेज में बीएसएनएल के नाम जमीन दर्ज नहीं हो पाई है, जिससे अतिक्रमण, विवाद और विकास कार्यों में बाधा आती है।

दाखिल खारिज होने से जमीन का मालिकाना हक स्पष्ट होगा और रिकॉर्ड अपडेट हो जाएगा। विभाग के नाम से दाखिल खारिज होने के बाद मापी और सीमांकन कर घेराबंदी की जा सकेगी।

मुजफ्फरपुर में कई ठिकाने

मुजफ्फरपुर में बीएसएनएल का प्रमुख कार्यालय कंपनीबाग में है। इसके अलावा मिठनपुरा, दाउदपुर कोठी, अहियापुर और रतवारा समेत अन्य जगहों पर एक्सचेंज कार्यालय व भवन स्थित हैं।

जिले में रामदयालु अतरदह मौजा में एनएचएआइ की अधिग्रहित जमीन की चार दशक बाद बिक्री का मामला सामने आ चुका है, जहां दाखिल खारिज नहीं होने से जमीन खतियानी रैयत के नाम दर्ज थी।

पहले भी हो चुकी बिक्री

इससे पूर्व कांटी में कृषि विभाग की जमीन की भी अवैध बिक्री कर तत्कालीन सीओ की मिलीभगत से दाखिल खारिज कर दिया गया था। इन मामलों के बाद विभागों की जमीन के रिकॉर्ड दुरुस्त करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जिलों में भूखंडों का ब्योरा

राज्य के जिन 33 जिलों में बीएसएनएल भूमि का दाखिल खारिज लंबित है, उनमें पटना में 28, छपरा में 17, गयाजी में 12 और पूर्वी चंपारण में 11 भूखंड हैं।

मधुबनी, वैशाली व भोजपुर में नौ नौ, भागलपुर, पूर्णिया व रोहतास में आठ आठ तथा मुजफ्फरपुर व सहरसा में सात सात भूखंड शामिल हैं। दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया व नालंदा में छह छह, सीवान व पश्चिमी चंपारण में पांच पांच तथा बांका, मुंगेर, लखीसराय, जहानाबाद व बक्सर में चार चार भूखंड हैं।

इसके अलावा जमुई, कटिहार व गोपालगंज में तीन तीन, शेखपुरा, अरवल, नवादा व सीतामढ़ी में दो दो तथा शिवहर में एक भूखंड का दाखिल खारिज बाकी है, जिससे कुल संख्या 215 है।

यह भी पढ़ें- बीएसएनएल के नए रिचार्ज प्लान: अब सस्ती कॉल के साथ सुरक्षा भी, मैनपुरी में 1.25 लाख यूजर्स

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।