मजदूर बनकर घूमती थीं, भीड़ में उड़ाती थीं जेवरात और पर्स; UP और सिवान की 15 महिलाएं गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों से आभूषण, मोबाइल और नकदी चुराने वाली उत्तर प्रदेश और सिवान की 15 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
मुजफ्फरपुर में 15 महिला चोर गिरफ्तार, यूपी-सिवान से संबंध।
भीड़भाड़ वाले इलाकों से आभूषण, मोबाइल, नकदी चुराती थीं।
मास्टरमाइंड मुन्तू कुमारी सहित कई महिलाएं पकड़ी गईं।
संवाद सूत्र, बैरिया (मुजफ्फरपुर)। पर्व-त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं के आभूषण, मोबाइल, पर्स व नकदी चोरी करने वाली उत्तर प्रदेश व सिवान की 15 महिलाओं को नगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इनके पास से सोने के तीन लॉकेट, कान का एक झुमका, पांच मोबाइल व 16 हजार आठ सौ रुपये जब्त किए गए। सिटी एसपी मोहिल्बुला अंसारी ने बताया कि 16 अक्टूबर को नगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि अंतरराज्यीय गिरोह की शातिर महिलाएं शहरी क्षेत्र में भीड़ में शामिल होकर चोरी व छिनतई की घटना को अंजाम दे रही हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने स्टेशन रोड में छापेमारी कर 15 महिलाओं को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर कैश व जेवरात मिले तो पूछताछ की गई। पहले तो इन सभी ने झूठी कहानी बनाकर पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास किया।
सख्ती दिखाने पर सभी ने चोरी व छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। गिरोह की मास्टरमाइंड मुन्तू कुमारी को भी गिरफ्तार किया गया है। इन सभी को पूर्व का रिकॉर्ड खंगालने को उत्तर प्रदेश व सिवान जिले की पुलिस से संपर्क किया गया है।
सिटी एसपी ने बताया कि दो सप्ताह के अंदर नगर क्षेत्र सहित अन्य थानों की पुलिस ने चेन छिनतई व चोरी के मामलों में कुल 29 आरोपितों को जेल भेजा गया है।
इन महिलाओं को किया गया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के जीयनपुर की मुन्तू कुमारी, गोरखपुर धुरचिलवलिया की पूनम देवी, देवरिया के कोतवाली थाने की रेखा देवी, गोरखपुर गोलाबाजार की संगीता देवी, इंद्रावती देवी, उरुवा की रीता देवी, मीरा देवी, शीला देवी, बड़हलगंज की संजू कुमारी, सिवान के भगवानपुर की आशा देवी, काजल, झाझा कुमारी, रौशनी देवी, पूजा कुमारी व प्रिती देवी को गिरफ्तार किया गया।
मजदूर बन घूमती और भीड़ वाली जगह करती चिह्नित
ये महिलाएं उत्तर प्रदेश व सिवान से करीब 15 दिन पहले यहां पहुंची। प्लेटफार्म व बस स्टैंड पर ही रात गुजारती थी। दिन में ये काम की तलाश का बहाना बना या मजदूर बनकर घूमती थी।
इस दौरान ये धार्मिक स्थल या भीड़ वाली जगह चिह्नित करती। फिर गिरोह के साथ मिलकर वहां घटना को अंजाम देती थी। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हाल में किन-किन महिलाओं ने जेवरात, पर्स व नकदी चोरी की प्राथमिकी कराई है। उन मामलों ने इन महिलाओं को रिमांड पर लिया जाएगा।
