विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैथिली ठाकुर के शो के नाम पर ठगी, दारोगा और शिक्षक से भी हड़पे लाखों; मधेपुरा से गिरफ्तार हुआ शातिर

Published: Sat, 17 Oct 2026 06:32 PM (IST)

नावकोठी पुलिस ने मैथिली ठाकुर के सांस्कृतिक कार्यक्रम के नाम पर ठगी करने वाले संतोष कुमार को दो साल बाद गिरफ्तार किया है।

मैथिली ठाकुर। (फाइल फोटो)

मैथिली ठाकुर। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. मैथिली ठाकुर कार्यक्रम के नाम पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार।

  2. दो साल से फरार संतोष कुमार मधेपुरा से पकड़ा गया।

  3. आरोपी पर भूमि दिलाने के नाम पर भी ठगी का आरोप।

संवाद सूत्र, नावकोठी (बेगूसराय)। नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा में गायिका मैथिली ठाकुर का सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने के नाम पर रुपये लेने और कार्यक्रम रद होने के बाद शेष राशि वापस नहीं करने के मामले में नावकोठी पुलिस ने दो वर्षों से फरार नामजद आरोपित पोखरिया वार्ड संख्या 35 निवासी स्व. रामविलास पोद्दार का पुत्र संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसे मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र स्थित चंडिका स्थान में चल रहे जागरण कार्यक्रम के दौरान गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

नावकोठी थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि पहसारा निवासी विभाकर कुमार सिंह ने 10 अगस्त 2024 को नावकोठी थाना कांड संख्या 182/24 के तहत संतोष कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी अंकित कराई थी।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपित ने बसेरा मंच के माध्यम से 25 अगस्त को पहसारा में गायिका मैथिली ठाकुर का सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने की बात कही थी। इसके लिए उसने विभाकर कुमार सिंह से दो लाख 40 हजार रुपये अग्रिम लिए थे।

बाद में किसी कारणवश कार्यक्रम रद हो गया। इसके बाद विभाकर कुमार सिंह ने जब अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपित टालमटोल करने लगा।

काफी दबाव देने पर उसने 50 हजार रुपये का चेक वापस किया लेकिन उक्त चेक बाउंस कर गया। इसके बाद बात करने पर हर बार रुपये वापस करने का आश्वासन देता रहा लेकिन रुपये नहीं लौटाने पर पीड़ित ने थाने में प्राथमिकी अंकित कराई थी। मामले में आरोपित पिछले दो वर्षों से फरार चल रहा था।

भूमि दिलाने के नाम पर भी लाखों रुपये लेने का आरोप 

थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के दौरान भूमि दिलाने के नाम पर थाना में पदस्थापित एक पुलिस अधिकारी से 19 लाख रुपये लेने का मामला भी सामने आया है।

इसके अलावा बलिया के मनसेरपुर निवासी एक शिक्षक सहित अन्य लोगों से करीब 28 लाख रुपये की कथित ठगी किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस इन मामलों से संबंधित जानकारी जुटा रही है। साथ ही सामने आए आरोपों की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- खगड़िया में घोड़े पर सवार होकर आए नाबालिग ने किशोरी को अगवा कर किया दुष्कर्म, पुलिस ने पकड़ा