विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वंदे भारत एक्सप्रेस की दाल में तैरता मिला कीड़ा, शिकायत पर कहा- स्नैक्स खा लीज‍िए, भूखे ही हावड़ा पहुंचे मां-बेटे

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:23 PM (IST)

Jamalpur Howrah Vande Bharat Express Food Quality Worm in Dal IRCTC Catering: जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसी गई दाल में कीड़ा मिलने से रेलवे की खानपान व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। शिकायत के बावजूद यात्रियों को दूसरा भोजन नहीं मिला और उन्हें भूखे पेट ही यात्रा पूरी करनी पड़ी।

Jamalpur Howrah Vande Bharat Express Food Quality Worm in Dal IRCTC Catering: खाने की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

Jamalpur Howrah Vande Bharat Express Food Quality Worm in Dal IRCTC Catering: खाने की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल

HighLights

  1. जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में दाल में कीड़ा मिला।

  2. शिकायत के बाद भी यात्रियों को दूसरा भोजन नहीं मिला।

  3. मां-बेटे को भूखे पेट ही हावड़ा तक सफर करना पड़ा।

संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। Jamalpur Howrah Vande Bharat Express Food Quality Worm in Dal IRCTC Catering: रेलवे की प्रीमियम ट्रेन में सफर का किराया तो प्रीमियम वसूला जा रहा है, लेकिन यात्रियों की थाली में परोसा जा रहा भोजन गुणवत्ता की कसौटी पर खरा नहीं उतर रहा है। जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में बुधवार को परोसी गई दाल में कीड़ा मिलने से रेलवे की खानपान व्यवस्था की पोल खुल गई है।

शर्मनाक स्थिति यह रही कि शिकायत करने के बाद भी यात्री को न तो दूसरा भोजन उपलब्ध कराया गया और न ही कोई संतोषजनक समाधान मिला। आखिरकार मां-बेटे को भूखे पेट ही हावड़ा तक का सफर पूरा करना पड़ा।

सी-5 कोच में सफर कर रहे थे मां-बेटे, दाल में कीड़ा देख उड़े होश

पीड़ित यात्री मृणाल सेनगुप्ता ने बताया कि वे अपनी मां सुदीपा सेनगुप्ता के साथ 19 नवंबर को जमालपुर स्टेशन से हावड़ा जाने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार हुए थे। उनकी सीट सी-5 कोच में आरक्षित थी। सफर के दौरान उन्होंने भोजन में चावल, दाल और सब्जी मंगाई। जब खाना सामने आया तो दाल में लाल रंग का छोटा कीड़ा तैरता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर मां-बेटे के होश उड़ गए और दोनों ने तत्काल भोजन करने से इनकार कर दिया।

शिकायत पर कर्मियों ने झाड़ा पल्ला, स्नैक्स खाने की दी सलाह

मृणाल के अनुसार, जब उन्होंने ट्रेन में मौजूद कैटरिंग व रेल कर्मियों से इसकी शिकायत की, तो उन्हें साफ कह दिया गया कि इसमें वे कुछ नहीं कर सकते और यात्री चाहें तो स्नैक्स खा सकते हैं। यानी यात्रियों को दूषित भोजन परोसने के बाद वैकल्पिक भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी किसी ने नहीं ली। इसके बाद मृणाल ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई तथा रेलवे के आधिकारिक पोर्टल व सोशल मीडिया पर भोजन की तस्वीर साझा कर शिकायत की, लेकिन पूरी यात्रा के दौरान उन्हें कोई राहत नहीं मिली।

खानपान की निगरानी पर उठे सवाल

इस प्रकरण पर मालदा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम कार्तिक सिंह ने बताया कि यात्री की शिकायत संज्ञान में आई है। चूंकि इस ट्रेन का प्रबंधन हावड़ा रेल मंडल के अधीन है, इसलिए वहां के सीनियर डीसीएम से मामले की जांच कर दोषियों पर उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

हावड़ा मंडल से की गई कार्रवाई की अनुशंसा

इस घटना ने रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों में खानपान की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि जब वंदे भारत जैसी प्रतिष्ठित ट्रेन में भोजन की गुणवत्ता का यह हाल है, तो अन्य सामान्य ट्रेनों की व्यवस्था का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। यात्रियों ने संबंधित कैटरिंग एजेंसी पर कठोर कार्रवाई करने और भोजन की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर के लिए बड़ी खबर: दिल्ली-वाराणसी के लिए वंदे भारत व पुणे के लिए नई ट्रेन; सुल्तानगंज में ठहरेगी विक्रमशिला!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।