विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वंदे भारत एक्सप्रेस की दाल में मिला मृत कीड़ा: यात्री की शिकायत पर IRCTC ने कैटरिंग कंपनी पर ठोका 25000 का जुर्माना

Published: Sat, 21 Nov 2026 03:37 PM (IST)

Jamalpur Howrah Vande Bharat Express Food Insect Dead Worm जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में एक यात्री को परोसे गए भोजन में मृत कीड़ा मिला, जिसके बाद IRCTC ने संबंधित कैटरिंग कंपनी पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। यह घटना 19 नवंबर की है, जिसमें यात्री की शिकायत पर जांच के बाद कंपनी को दूषित दाल का पूरा बैच हटाने का निर्देश दिया गया।

Jamalpur Howrah Vande Bharat Express Food Insect Dead Worm

Jamalpur Howrah Vande Bharat Express Food Insect Dead Worm 

HighLights

  1. वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्री को भोजन में मिला मृत कीड़ा।

  2. IRCTC ने कैटरिंग कंपनी पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया।

  3. दूषित दाल का पूरा बैच हटाने और जांच का आदेश दिया।

संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। Jamalpur Howrah Vande Bharat Express Food Insect Dead Worm तेज रफ्तार और आधुनिक सुविधाओं वाली देश की प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक यात्री को दिए गए भोजन में मृत कीड़ा मिलने की पुष्टि हुई है। यात्री की लिखित और ऑनलाइन शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) ने संबंधित कैटरिंग कंपनी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

यह मामला 19 नवंबर को जमालपुर से हावड़ा जा रही ट्रेन संख्या 22310 का है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित यात्री मृणाल सेनगुप्ता अपनी मां सुदीपा सेनगुप्ता के साथ सी-5 कोच में सफर कर रहे थे। सफर के दौरान जब उन्हें भोजन परोसा गया, तो उन्होंने दाल के अंदर एक मृत कीड़ा तैरता हुआ देखा। इस गंभीर लापरवाही को देखकर उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत ट्रेन में मौजूद कैटरिंग और ऑनबोर्ड स्टाफ से की।

यात्री से मांगी माफी, भोजन बदलने की पेशकश की लेकिन नहीं माने

यात्री द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद आइआरसीटीसी के मुख्य पर्यवेक्षक ध्रुवज्योति दास ने उनसे संपर्क किया और मोबाइल एप के माध्यम से आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद ऑनबोर्ड कैटरिंग सुपरवाइजर और संबंधित कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें दाल में मृत कीड़ा मिलने की बात पूरी तरह सच पाई गई।

हालांकि, रेल कर्मचारियों ने यात्री से इस भूल के लिए माफी मांगी और उन्हें तुरंत भोजन बदलने की पेशकश की, लेकिन मानसिक रूप से परेशान यात्री ने दूसरा भोजन लेने से पूरी तरह इनकार कर दिया। मृणाल सेनगुप्ता ने सोशल मीडिया और रेलवे हेल्पलाइन 139 पर भी भोजन की तस्वीरें साझा करते हुए इस लापरवाही को उजागर किया था।

संकल्प रिक्रिएशन पर लगा जुर्माना, दाल का पूरा बैच हटाने का आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए आइआरसीटीसी ने भोजन आपूर्ति करने वाली कंपनी मेसर्स संकल्प रिक्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही कंपनी को सख्त हिदायत दी गई है कि वह अपने स्टोर में रखी कच्ची दाल का पूरा बैच तत्काल प्रभाव से वहां से हटाए।

रेलवे ने ड्यूटी पर तैनात खाद्य सुरक्षा पर्यवेक्षक को भी चेतावनी दी है कि वे किचन की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। इसके अतिरिक्त, संबंधित बेस किचन का तत्काल निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट देने और दूषित दाल का नमूना प्रयोगशाला जांच (लैब टेस्टिंग) के लिए भेजने का आदेश दिया गया है। इस दंडात्मक कार्रवाई को पूर्वी क्षेत्र के महाप्रबंधक ने भी अपनी स्वीकृति दे दी है।

प्रीमियम ट्रेन में इस तरह की घटना ने रेलवे की खानपान व्यवस्था की निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि महंगे किराए के बावजूद इस तरह का भोजन मिलना चिंताजनक है। 

जमालपुर स्टेशन पर खानपान स्टालों का औचक निरीक्षण

जमालपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण खानपान सामग्री उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। स्टेशन इंप्रूवमेंट ग्रुप (एसआइजी) की टीम ने प्लेटफार्मों पर संचालित खानपान स्टालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से लेकर संचालकों के लाइसेंस और स्वच्छता मानकों की गहन जांच की गई।

दस्तावेजों के साथ कर्मियों की व्यक्तिगत स्वच्छता की भी पड़ताल

स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार, सीएमआइ संजीव गुप्ता और सीएचआइ पंकज कुमार के संयुक्त नेतृत्व में टीम ने स्टालों पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों की मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट की पड़ताल की। साथ ही संचालकों के लाइसेंस, जरूरी दस्तावेज और मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र भी जांचे गए। अधिकारियों ने स्टाल कर्मियों के ड्रेस कोड और व्यक्तिगत स्वच्छता का जायजा लिया। खानपान की गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सामग्री बेचने वाले कर्मियों के नाखूनों की स्थिति भी देखी गई।

मूल्य सूची प्रदर्शित करने का निर्देश, उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी

टीम ने यह भी जांच की कि स्टालों पर रेलवे से अधिकृत खाद्य एवं पेय पदार्थ ही बेचे जा रहे हैं या नहीं। निरीक्षण के दौरान सभी स्टालों पर मूल्य सूची प्रदर्शित करने और यात्रियों से निर्धारित दर पर ही सामान बेचने का सख्त निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- वंदे भारत एक्सप्रेस की दाल में तैरता मिला कीड़ा, शिकायत पर कहा- स्नैक्स खा लीज‍िए, भूखे ही हावड़ा पहुंचे मां-बेटे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।