श्रीकृष्ण सेतु पर तस्करी और ओवरलोडिंग पर लगेगी लगाम, 24 घंटे निगरानी करेगी मल्टी एजेंसी टीम
मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु पर अब तस्करी और ओवरलोडिंग रोकने के लिए 24 घंटे मल्टी एजेंसी चेकपोस्ट संचालित होगा। यह टीम शराब, स्मैक और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश लगाएगी।

मुंगेर में गंगा नदी पर श्रीकृष्ण सेतु। जागरण आर्काइव
HighLights
श्रीकृष्ण सेतु पर 24 घंटे मल्टी एजेंसी चेकपोस्ट सक्रिय।
शराब, स्मैक और ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
पुलिस, परिवहन, खनन, मद्य निषेध विभाग की संयुक्त टीम।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। श्रीकृष्ण सेतु को तस्करी और ओवरलोड वाहनों का सुरक्षित रास्ता समझने वालों की अब खैर नहीं। पुल के रास्ते शराब, स्मैक और अन्य प्रतिबंधित पदार्थों की आवाजाही रोकने के लिए 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की जा रही है।
इसके लिए पुल के समीप नवनिर्मित वेइंग ब्रिज पर मल्टी एजेंसी चेकपोस्ट संचालित होगा। यहां संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ ओवरलोडिंग पर भी कार्रवाई होगी। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के अनुरोध पर जिला स्तर पर यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में एसपी ने जिला प्रशासन से पुलिस, परिवहन, खनन और मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित करने का अनुरोध किया था। इसके बाद चारों विभागों को मिलाकर मल्टी एजेंसी टीम बनाई गई है।
चार विभागों के पदाधिकारी संभालेंगे मोर्चा
चेकपोस्ट पर परिवहन विभाग की प्रवर्तन अवर निरीक्षक ममता कुमारी, खान निरीक्षक प्रिया कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक शत्रुघ्न प्रसाद सिंह और मद्य निषेध विभाग के सहायक अवर निरीक्षक मु. शोहराब आलम की प्रतिनियुक्ति की गई है।
पुलिस बल दो पालियों में तैनात रहेगा, ताकि दिन-रात वाहनों की निगरानी हो सके। एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पड़ोसी जिलों से श्रीकृष्ण सेतु के रास्ते शराब और स्मैक की तस्करी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
ओवरलोड वाहनों को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा। संयुक्त टीम की निगरानी से तस्करी और अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने की तैयारी है।
यह भी पढ़ें- 2 साल में बदल जाएगी उत्तर बिहार की तस्वीर, 12 लेन के 3 और 10 लेन के 2 पुलों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।