2 साल में बदल जाएगी उत्तर बिहार की तस्वीर, 12 लेन के 3 और 10 लेन के 2 पुलों से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
हाजीपुर और उत्तर बिहार के लोगों के लिए पटना की राह अब काफी आसान हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के लोकार्पण के बाद अब गंगा नदी पर 22 लेन के पांच पुलों से सुगम सफर संभव होगा।

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पीएम मोदी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल का लोकार्पण किया।
हाजीपुर-पटना के बीच 22 लेन के पांच पुलों से सुगम सफर।
दो साल में यूपी और नेपाल तक कनेक्टिविटी का विस्तार होगा।
रवि शंकर शुक्ला, हाजीपुर। एक वक्त था जब हाजीपुर ही नहीं उत्तर बिहार के लोगों के लिए सूबे की राजधानी पटना की राह काफी कठिन हुआ करती थी। महात्मा गांधी सेतु अपने हाल पर आंसू बहा रहा था। पुल काफी जर्जर हो गया था।
उत्तर बिहार से फर्राटे भरकर आने वाले लोग हाजीपुर-पटना के बीच महज 15 किमी की दूरी तय करने में रो देते थे। पुल पर अक्सर जाम की स्थिति रहती थी। कभी-कभी तो पांच से सात घंटे या उससे भी अधिक समय तक जाम की स्थिति रहती थी।
आने वाले करीब एक दशक में हाजीपुर समेत उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों को काफी राहत मिली है।
अब तो बीते शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच सिक्सलेन पुल का लोकार्पण किए जाने के बाद लोगों के लिए पटना की राह अब काफी आसान हो गई है।
केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार आने के बाद हाजीपुर-पटना के बीच पुलों पर करीब 8000 करोड़ रुपये दिए गए।
वर्तमान में गंगा नदी पर हाजीपुर-पटना के बीच 12 लेन के तीन पुलों पर लोग सुखद अनुभूति के साथ सुगम सफर कर रहे हैं। वहीं आने वाले दो वर्षों में 10 लेन का दो और पुल बनकर तैयार हो जाएगा।
इस तरह हाजीपुर-पटना के बीच 22 लेन के पांच पुल होने के बाद सूबे की राजधानी पटना और हाजीपुर के बीच अंतर पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा।
पटना-हाजीपुर, सोनपुर के बीच 12 लेन के तीन पुलों पर सुगम यातायात
हाजीपुर-पटना और सोनपुर के बीच वर्तमान में गंगा नदी पर 12 लेन के तीन पुलों पर सुगम आवागमन हो रहा है। महात्मा गांधी सेतु की जर्जर हालात पर संज्ञान लेते हुए केंद्र की मोदी सरकार ने जीर्णोद्धार का निर्णय लिया था।
करीब 1742.01 करोड़ रुपये की लागत से पुल की ऊपरी संरचना को ध्वस्त कर लोहे की संरचना स्थापित की गई। 31 जुलाई 2020 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसका उद्घाटन किया।
इसके पूर्व 2016 में पहलेजा से दीघा के बीच दो लेन के जेपी सेतु पर यातायात प्रारंभ हुआ। इस तरह राह कुछ आसान हुई।
बीते शनिवार को पीएम मोदी ने कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच सिक्सलेन पुल का लाेकार्पण करके राह को और भी आसान कर दिया। यह पुल करीब 5000 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई है।
अगले वर्ष गांधी सेतु के समानांतर फोरलेन पुल बनकर हो जाएगा तैयार
केंद्र की मोदी सरकार ने गांधी सेतु के फोरलेन का पुल का जीर्णोद्धार करने के साथ ही इसके समानांतर फाेरलेन के एक और पुल के निर्माण की मंजूरी दी थी।
करीब 2926.42 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। पुल का करीब 70 प्रतिशत काम पूर्ण हो चुका है।
एप्रोच रोड सहित इस पुल की कुल लंबाई करीब 14.6 किमी होगी। इस पुल का निर्माण कार्य 2027 के दिसंबर माह में पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है।
इस पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गांधी सेतु आठ लेन का हो जाएगा। इससे हाजीपुर के साथ ही उत्तर बिहार के लोगों की राह और भी आसान हो जाएगी।
जेपी सेतु के समानांतर छह लेन के एक और पुल का चल रहा निर्माण
हाजीपुर से पहलेजा होते गंगा नदी पर जेपी सेतु के समानांतर छह लेन के एक और पुल के निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। केंद्र की मोदी सरकार ने इस पुल के निर्माण के लिए 3064.45 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी।
इस पुल का डिजाइन इस तरह किया गया है कि भविष्य में इसे आठ लेन का बनाया जा सकेगा। इस पुल के बनने से हाजीपुर से पहलेजा-पटना के बीच आने वाले दो वर्षों में आठ लेन का पुल हो जाएगा। वहीं भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर यह दस लेन का पुल हाे जाएगा।
सभी पुलों के निर्माण के साथ कनेक्टिविटी का रखा गया है पूरा ध्यान
महात्मा गांधी सेतु पहले से उत्तर बिहार के लोगों के लिए पटना की सुगम यातायात का अवसर उपलब्ध करा रहा है। यह एनएच 19 से हाजीपुर में जुड़ता है।
वहीं हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22, हाजीपुर-जंदाहा मुसरीघरारी एमएच 322 एवं हाजीपुर-महनार मोहीउद्दीनगर एनएच 122 बी से जुड़ा है। वहीं जेपी सेतु हाजीपुर-छपरा एनएच 19 से जुड़ा है।
इधर, कच्ची दरगाह से बिदुपुर के बीच सिक्सलेन पुल हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच 22, हाजीपुर-जंदाहा मुसरीघरारी एमएच 322 एवं हाजीपुर-महनार मोहीउद्दीनगर एनएच 122 बी से जुड़ा है। वहीं इसे आमस को जाने वाली सिक्सलेन सड़क से जोड़ने की योजना मंजूर की जा चुकी है।
इधर, जेपी सेतु काे एनएच 139 डब्लू से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है। इससे यह सेतु भविष्य में छपरा, सीवान, गोपालगंज, मोतिहारी एवं बेतिया से नेपाल से जुड़ जाएगा।
यह भी पढ़ें- अब नए कलेवर में दिखेंगे दरभंगा के दोनों संग्रहालय, कायाकल्प की तैयारी तेज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।