मुंगेर में बरियारपुर ओवरब्रिज के पास खड़े ट्रक से टकराई बाइक, हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत
मुंगेर-भागलपुर फोरलेन पर बरियारपुर ओवरब्रिज के पास एक भीषण सड़क हादसे में 17 वर्षीय आकाश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

खड़े ट्रक से टकराई बाइक
HighLights
बरियारपुर ओवरब्रिज के पास बाइक-ट्रक की भीषण टक्कर।
बांका निवासी 17 वर्षीय आकाश कुमार की मौके पर मौत।
हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल, भागलपुर रेफर।
संवाद सहयोगी, बरियारपुर (मुंगेर)। मुंगेर - भागलपुर फोरलेन पर बरियारपुर ओवरब्रिज के समीप सोमवार की रात सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा दूसरा युवक घायल हो गया। मरने वाले की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र निवासी प्रेम पासवान के पुत्र आकाश कुमार (17) के रूप में हुई है।
दरअसल, आकाश बाइक से भागलपुर की ओर से मुंगेर जा रहा था। रात करीब 12 बजे बरियारपुर ओवरब्रिज के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पहुंची बरियारपुर पुलिस ने दोनों युवकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर भेजा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को थाने लाया गया है।
दो दिनों में पांच अन्य युवक घायल
बरियारपुर क्षेत्र में दो दिनों के दौरान हुई विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में पांच अन्य युवक भी घायल हुए हैं। घायलों में लाल दरवाजा के विशाल कुमार और पीयूष कुमार, विजयनगर के विकास कुमार, काला टोला के नयन कुमार तथा खड़िया के पीयूष कुमार शामिल हैं।
सभी का प्राथमिक उपचार बरियारपुर स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। खड़िया के पीयूष को गंभीर चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पुलिस दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- मुंगेर के तारापुर में भीषण आग से लाखों का नुकसान, सब्जी मार्केट की 6 दुकानें जलकर राख
