डीजल को शराब बताकर किसान से मारपीट और अवैध वसूली का आरोप, मुंगेर में महिला हाजत में बंद कर मांगे 30 हजार
मुंगेर के हवेली खड़गपुर पुलिस पर किसान प्रभाष कुमार ने वर्दी का रौब दिखाकर मारपीट और अवैध वसूली का आरोप लगाया है। पुलिस पर डीजल को शराब बताकर 5000 रुपये छीनने, 1900 ऑनलाइन ट्रांसफर कराने और महिला हाजत में बंद कर 30 हजार रुपये मांगने का आरोप है।

पीड़ित किसान प्रभाष कुमार (सौ. जागरण)
HighLights
पुलिस पर किसान से मारपीट और अवैध वसूली का आरोप।
डीजल को शराब बताकर 5000 रुपये छीने, 1900 ऑनलाइन लिए।
महिला हाजत में बंद कर 30 हजार रुपये मांगे गए।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। वर्दी का रौब दिखाकर किसान से मारपीट और अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। मामला हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र का है। मुरादे गांव निवासी प्रभाष कुमार ने खड़गपुर थाने की पुलिस टीम पर 30 हजार रुपये मांगने, जेब से पांच हजार रुपये जबरन निकालने और 1900 रुपये आनलाइन ट्रांसफर कराने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने आरक्षी अधीक्षक सैयद इमरान मसूद को आवेदन देकर संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई थी। घटना सात नंवबर की सुबह चार बजे के पास की है।
डीजल को शराब बताकर रोका, मारपीट की
10 नवंबर को एसपी को दिए आवेदन में प्रभाष कुमार ने बताया कि सात नवंबर की अहले सुबह करीब चार बजे वह बाइक से डीजल लेकर खेत की जुताई कर रहे ट्रैक्टर के पास जा रहे थे। आंबेडकर चौक से आगे पुल के समीप गश्ती कर रही पुलिस टीम ने उन्हें रोक लिया।
डिब्बे में रखे पदार्थ के बारे में पूछने पर उन्होंने डीजल बताया, लेकिन पुलिस पदाधिकारी ने उसे शराब करार दिया। जांच में डीजल होने की बात सामने आने के बाद भी पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उनकी जेब से पांच हजार रुपये जबरन निकाल लिए गए।
महिला हाजत में बंद कर मांगे 30 हजार
किसान का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनकी बाइक को चोरी की बताते हुए कागजात दिखाने के बावजूद राहत नहीं दी। इसके बाद 30 हजार रुपये की मांग करते हुए उन्हें खड़गपुर थाने की महिला हाजत में बंद कर दिया गया। पीड़ित के अनुसार एक जवान के नेम प्लेट पर अजय कुमार लिखा था।

ऑनलाइन ट्रांसफार्मर का स्क्रिन शॉट (सौ. जागरण)
उन्होंने सनी कुमार के स्कैनर के माध्यम से 1900 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद करीब सुबह 10 बजे उन्हें हाजत से बाहर निकाला। प्रभाष कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने 10 नवंबर तक शेष राशि नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी। घटना के बाद से पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
इस मामले की जांच खड़गपुर एसडीपीओ को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट मिल गई है। जांच रिपोर्ट में जिनकी भी संलिप्तता और दोष सामने आएगी, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -सैयद इमरान मसूद, एसपी
यह भी पढ़ें- श्रीकृष्ण सेतु पर तस्करी और ओवरलोडिंग पर लगेगी लगाम, 24 घंटे निगरानी करेगी मल्टी एजेंसी टीम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।