मुंगेर में निगरानी टीम की छापेमारी, कई घंटे खंगाली गईं फाइलें, अजीत कुमार दास से जुड़े अहम दस्तावेज जब्त
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ग्रामीण कार्य विभाग के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के आय से अधिक संपत्ति मामले में मुंगेर कार्यालय पर छापेमारी की। टीम ने विभागीय फाइलों की छानबीन कर महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए, यह जांच 2026 में दर्ज मामले से जुड़ी है।

रेड करने पहुंची निगरानी की टीम. सौ. सूत्र
HighLights
निगरानी टीम ने मुंगेर कार्यालय में फाइलों की गहन छानबीन की।
अजीत कुमार दास के आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई।
महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर आगे की जांच तेज की गई।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) ने ग्रामीण कार्य विभाग के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के कार्यकाल से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल तेज कर दी है। इसी सिलसिले में गुरुवार को पटना से पहुंची निगरानी की चार सदस्यीय टीम ने ग्रामीण कार्य विभाग के कार्य प्रमंडल, मुंगेर कार्यालय में छापेमारी की।
टीम ने घंटों तक विभागीय फाइलों और अभिलेखों की छानबीन की। इस दौरान कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई तथा जांच के बाद कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख जब्त कर साथ ले गई।
सर्च वारंट के आधार पर पहुंची टीम, सासाराम में तैनात हैं अभियंता
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की पुलिस उपाधीक्षक (DSP) कुमारी वंदना ने बताया कि इस प्रकरण में वर्ष 2026 में पटना निगरानी थाना में मामला दर्ज किया गया था। विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद टीम मुंगेर पहुंची और अजीत कुमार दास के कार्यकाल में संपादित योजनाओं व विभागीय कार्यों से जुड़े अभिलेखों की गहन जांच की।
जानकारी के अनुसार, तत्कालीन कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास वर्तमान में सासाराम में ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता के पद पर पदस्थापित हैं।
छह ठिकानों पर छापेमारी, जब्त दस्तावेजों से आगे की जांच
डीएसपी कुमारी वंदना के मुताबिक, आय से अधिक संपत्ति के इसी मामले में निगरानी ब्यूरो की टीम पहले ही मुंगेर और भागलपुर सहित कुल छह ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। विभिन्न स्थानों से जुटाए गए साक्ष्यों और जब्त अभिलेखों के आधार पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो आगे की जांच और वित्तीय विश्लेषण में जुटा है।