मुंगेर सदर अस्पताल में बड़ी लापरवाही: ड्यूटी से नदारद नर्स, प्रशिक्षु छात्रा के भरोसे गर्भवती महिलाओं की जांच
मुंगेर सदर अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की जांच प्रशिक्षु छात्रा के भरोसे हो रही थी, जबकि ड्यूटी पर तैनात नर्स अनुपस्थित पाई गई।

प्रशिक्षु छात्रा के भरोसे गर्भवती महिलाओं की जांच (सौ. जागरण)
HighLights
सदर अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की जांच प्रशिक्षु छात्रा कर रही थी।
ड्यूटी पर तैनात नर्स एएनसी जांच कक्ष से अनुपस्थित पाई गई।
उपाधीक्षक ने अनुपस्थित नर्स पर कार्रवाई का निर्देश दिया।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। सदर अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की सेहत और सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग कितना गंभीर है, इसकी तस्वीर गुरुवार को ओपीडी स्थित एएनसी जांच कक्ष में दिखी। यहां प्रसव पूर्व जांच जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नर्स के बजाय प्रशिक्षु छात्रा संभालती मिली।
गर्भवती महिलाओं की जांच, उनके स्वास्थ्य की निगरानी और संभावित खतरे की पहचान जैसे संवेदनशील काम प्रशिक्षु के भरोसे छोड़ दिए गए। वहीं, ड्यूटी पर तैनात नर्स नदारद थी। ऐसे में सवाल उठता है कि अस्पताल में नर्सों की तैनाती आखिर किस काम के लिए की गई है।
प्रशिक्षु छात्रा से जांच का काम कराया जा रहा
स्त्री रोग विशेषज्ञ के कक्ष के समीप संचालित एएनसी जांच केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच होनी है। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं प्रसव पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पहुंचती हैं। इसके बावजूद नर्स की अनुपस्थिति में प्रशिक्षु छात्रा से जांच का काम कराया जा रहा था।
प्रशिक्षु को प्रशिक्षण देने के बजाय उसे जिम्मेदारी सौंप देना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। जांच में किसी तरह की चूक हुई तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी।
ड्यूटी कक्ष में, कर्मी आराम में
एएनसी कक्ष में एक वार्ड ब्वाय की भी ड्यूटी लगाई गई है। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान कामकाज में सहयोग करने के बजाय वह आराम फरमाने में व्यस्त रहती हैं। ऐसे में कक्ष में कर्मियों की तैनाती और उनकी जिम्मेदारी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। एक ओर गर्भवती महिलाएं जांच के लिए पहुंच रही हैं, दूसरी ओर जिम्मेदार कर्मियों की कार्यशैली पर सवाल है।
उपाधीक्षक ने माना नर्स अनुपस्थित
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. रमन कुमार ने बताया कि एएनसी कक्ष में मधु कुमारी की ड्यूटी लगाई गई है। वह 24 और 25 नवंबर को छुट्टी पर थीं। गुरुवार को उन्हें ड्यूटी पर आना था। अनुपस्थित रहने पर वेतन कटौती के साथ स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।