बिहार के मुंगेर में पटरी से उतरा डीजल इंजन, गुटका लगाने के बाद भी कैसे लुढ़का? रेलवे में मचा हड़कंप
जमालपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया जब तीन नंबर पटरी पर खड़ा डीजल इंजन अचानक लुढ़ककर पटरी से उतर गया। मालगाड़ी के कंपन से लुढ़के इंजन को चार घंटे की मशक्कत के बाद एआरटी टीम ने वापस पटरी पर चढ़ाया, जिससे रेलवे सुरक्षा पर सवाल उठे हैं।
HighLights
डीजल इंजन जमालपुर स्टेशन पर पटरी से उतरा।
मालगाड़ी के कंपन से लुढ़का इंजन, बड़ा हादसा टला।
चार घंटे बाद इंजन को वापस पटरी पर चढ़ाया गया।
संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। Jamalpur Railway Station Diesel Engine Derailment : जमालपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। स्टेशन के पूर्वी छोर पर बड़ी पुल के समीप तीन नंबर रेल पटरी पर खड़ा डीजल इंजन अचानक लुढ़ककर पटरी से उतर गया। घटना सुबह करीब 10 बजे की है।
संयोग रहा कि उस समय आसपास के मुख्य ट्रैक से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी और न ही कोई रेलकर्मी इसकी चपेट में आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद रेल अधिकारियों और कर्मियों के बीच अफरातफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, अंडाल निर्मित डीजल इंजन संख्या 12658 को तीन नंबर रेल पटरी पर खड़ा किया गया था।
इंजन को अपनी जगह पर स्थिर रखने के लिए पहिये के नीचे गुटका भी लगाया गया था। इसके बावजूद बगल से गुजरी मालगाड़ी के कंपन के कारण इंजन धीरे-धीरे लुढ़कने लगा और पटरी से नीचे उतर गया। जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके समीप से मेल-एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का नियमित परिचालन होता है।

एआरटी की टीम ने संभाला मोर्चा, चार घंटे बाद पटरी पर चढ़ा इंजन
इंजन के पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) की टीम को मौके पर बुलाया गया। सूचना पर सीनियर डीएमई डीजल केके दास, स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत यादव समेत विभिन्न विभागों के रेलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद इंजन को दोबारा पटरी पर चढ़ाने के लिए राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इंजन को सुरक्षित पटरी पर चढ़ाया जा सका।
-1795678261966.webp)
गुटका लगाने के बाद भी कैसे लुढ़का इंजन
इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और इंजन को खड़ा करने के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पहिये के नीचे गुटका लगाए जाने के बावजूद इंजन कैसे लुढ़क गया। क्या गुटका लगाने में मानवीय लापरवाही हुई या फिर मालगाड़ी के तेज कंपन की वजह से इंजन आगे बढ़ा।
सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के वास्तविक कारणों का पता विभागीय जांच के बाद ही चल सकेगा। हालांकि, व्यस्त रेलखंड पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है और अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है।
डिरेलमेंट कराई गई, मॉक ड्रिल का हिस्सा
इस संबंध में सीनियर डीएमई डीजल के के दास ने बताया कि घटना की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग की टीम पहुंचकर राहत व बचाव कर आरंभ कर दिया है। इस ट्रैक से ट्रेन का परिचालन नहीं होता है। इस घटना से ट्रेन यातायात भी प्रभावित नहीं हुई है। यात्रियों की की ट्रेन किसी प्रकार से अवरुद्ध नहीं हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि यह एक मॉक ड्रिल का आयोजन था, जिसकी सूचना किसी को नहीं दी गई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।