मुंगेर विश्वविद्यालय में बीबीए-बीसीए सहित नए पाठ्यक्रमों मंजूरी, संविदा पर शिक्षकों की होगी नियुक्ति
मुंगेर विश्वविद्यालय की सिंडिकेट बैठक में कुलपति प्रो. संजय कुमार की अध्यक्षता में शैक्षणिक, प्रशासनिक और विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

मुंगेर विश्वविद्यालय में बीबीए-बीसीए सहित नए पाठ्यक्रमों मंजूरी, संविदा पर शिक्षकों की होगी नियुक्ति
HighLights
शैक्षणिक, प्रशासनिक और विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी।
बीबीए, बीसीए और कौशल आधारित नए पाठ्यक्रम शुरू होंगे।
संविदा पर शिक्षकों की नियुक्ति और पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। मुंगेर विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सभागार में मंगलवार को कुलपति प्रो. संजय कुमार की अध्यक्षता में सिंडिकेट की बैठक हुई। इसमें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक और विकास कार्यों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ नए पाठ्यक्रम शुरू करने और शिक्षकों की नियुक्ति से जुड़े प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
बैठक में अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) में संशोधन, विभिन्न पाठ्यक्रमों के संचालन, शिक्षकों की नियुक्ति व पदस्थापन, शोध व पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया तथा कौशल आधारित पाठ्यक्रमों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
सिंडिकेट ने बीबीए और बीसीए पाठ्यक्रमों के साथ भारतीय ज्ञान प्रणाली (आईकेएस) से जुड़े वैल्यू एडेड कोर्स शुरू करने को मंजूरी दी। क्रिप्टिक क्रॉसवर्ड सहित अन्य कौशल आधारित पाठ्यक्रम तथा एनजीओ व एमएसएमई में विद्यार्थियों की इंटर्नशिप के प्रस्ताव पर भी मुहर लगी।
पीएचडी प्रवेश 2024, 2025 और 2026 के लिए आवेदन की तिथियों के पुनर्निर्धारण और विस्तार पर भी विचार किया गया। वहीं, वनस्पति विज्ञान स्नातकोत्तर विभाग को जेआरएस कॉलेज परिसर में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। इससे विभाग के शोध और रबर प्लांटेशन से जुड़े कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने की योजना है।
विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों और स्नातकोत्तर विभागों में 36 घंटे का शॉर्ट टर्म फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (एफडीपी) आयोजित करने तथा विभिन्न विषयों में संविदा पर सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति और पदस्थापन से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक में डीएसडब्ल्यू प्रो. महेश्वर मिश्रा, कुलानुशासक प्रो. शिव कुमार मंडल, राज्य सरकार के नामित सदस्य देवानंद साहू, पूनम देवी व घनश्याम पटेल, कुलसचिव डॉ. घनश्याम राय सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद थे।
हालाांकि, दूसरी ओर यह भी चर्चा रही कि सदस्य डॉ. सहजानंद सिंह व प्रभाष कुमार उर्फ भरत सिंह जोशी को विश्वविद्यालय प्रशासन ने बैठक में आमंत्रित ही नहीं किया।
यह भी पढ़ें- मुंगेर यूनिवर्सिटी के VC की कुर्सी पर 'बॉस' बनकर बैठा क्लर्क, वीडियो वायरल होने पर हुई छुट्टी
यह भी पढ़ें- मुंगेर यूनिवर्सिटी का तीसरा दीक्षा समारोह: 762 को मिली उपाधि, 53 को स्वर्ण पदक
