शराब पार्टी के दौरान किचन से पिस्टल निकाल की फायरिंग; मुंगेर में शराब पार्टी के दौरान रेल कर्मी घायल; आरोपी फरार
जमालपुर रेल कॉलोनी में कथित शराब पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में रेलकर्मी राहुल झा घायल हो गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
-1780480095565_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। जमालपुर रेल कालोनी के रामपुर स्थित क्वार्टर संख्या 488 एबी में कथित शराब पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी ने रेलवे परिवारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना में कारखाना के डब्ल्यूसीएस शाप में टेक-वन पद पर कार्यरत रेलकर्मी राहुल झा घायल हो गए। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पूरी रेल कालोनी में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
राहुल झा ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि पड़ोस में रहने वाले रेलकर्मी साजन यादव के पुत्र अंकित उर्फ सन्नी यादव ने उन्हें फोन कर अपने क्वार्टर पर बुलाया। वहां पहले गाली-गलौज और मारपीट की गई, फिर जान मारने की नीयत से गोली चला दी।
राहुल के अनुसार घटना के समय सन्नी यादव के साथ चार-पांच बाहरी युवक भी मौजूद थे। घायल राहुल झा ने बताया कि विवाद के दौरान सन्नी यादव किचन में गया और वहां से पिस्तौल निकाल लाया।
इसके बाद उसने उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी और पेट के पास से निकल गई। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और आरोपित अपने साथियों के साथ हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जमालपुर थाने की पुलिस, आरपीएफ और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची।
पिता-पुत्र की दबंगई से सहमे स्थानीय लोग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब एक वर्ष पहले रेल कॉलोनी में रहने आए साजन यादव और उनके पुत्र अंकित उर्फ सन्नी यादव का व्यवहार शुरू से विवादित रहा है। कालोनीवासियों के अनुसार दोनों अक्सर दबंगई दिखाते थे और विरोध करने वालों को धमकाते थे।
लोगों का कहना है कि सनी यादव अपने कुछ कथित आपराधिक प्रवृत्ति के साथियों के साथ क्वार्टर में देर रात तक शराब पार्टी और तेज आवाज में गाना-बजाना करता था। इसका विरोध करने पर कई रेलकर्मियों और उनके परिवारों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में टूटा क्वार्टर का ताला
घटना के बाद आरोपी द्वारा क्वार्टर में ताला लगाकर फरार हो जाने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमालपुर पुलिस, आरपीएफ और एफएसएल की टीम ने क्वार्टर का ताला तुड़वाकर जांच की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और विभिन्न बिंदुओं पर जांच की। पुलिस अधिकारियों ने आसपास रहने वाले रेलकर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेलकर्मियों की सुरक्षा पर सीडब्ल्यूएम गंभीर
घटना के बाद कारखाना प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। मुख्य कारखाना प्रबंधक (सीडब्ल्यूएम) विनय प्रसाद वर्णवाल ने मामले की जानकारी ली और घायल रेलकर्मी के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कालोनी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा आरपीएफ को विशेष गश्ती का निर्देश दिया है। साथ ही स्वयं कालोनी का निरीक्षण करने की बात भी कही है।
यूनियनों में आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग
गोलीबारी की घटना की विभिन्न रेल यूनियनों और कर्मचारी संगठनों ने कड़ी निंदा की है। मेंस कांग्रेस, मेंस यूनियन, एससी-एसटी एसोसिएशन, ओबीसी संगठन और पूर्वी रेलवे कर्मचारी संघ सहित कई संगठनों ने घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि एफएसएल टीम की मदद से मामले की गहन जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल कालोनी में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर विधि-व्यवस्था बनाए रखी गई है।
रेल कॉलोनी के शांत माहौल में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने न सिर्फ रेल परिवारों को झकझोर दिया है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।
रेल कालोनी में हुई गोलीबारी मामले में घायल रेलकर्मी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जिस क्वार्टर में घटना हुई थी, वहां एफएसएल टीम से जांच कराने के बाद उसे सील कर दिया है। जांच के दौरान क्वार्टर के अंदर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जब्त कर जांच में शामिल किया गया है। मामले में नामजदों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में रेलकर्मी के साथ हुई घटना का कारण क्वार्टर में किसी बात को लेकर उत्पन्न विवाद बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
