मुंगेर बना नकली सिगरेट बनाने का अड्डा, बिहार पुलिस ने एक और फैक्ट्री का किया भंडाफोड़
मुंगेर के शादीपुर मोहल्ले में पुलिस ने एक बड़ी अवैध नकली सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली पुलिस ने ...और पढ़ें
-1771841153149_m.webp)
मुंगेर में पकड़ा गया नकली सिगरेट का सामान। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मुंगेर। कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 24 अंतर्गत शादीपुर मोहल्ले में पुलिस ने सोमवार को नकली सिगरेट बनाने वाली बड़ी अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। कोतवाली पुलिस सूचना मिलने पर टीम ने मोहल्ले में मु. इकबाल के मकान की तीसरी मंजिल पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान कमरे में बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी, साथ ही पैकिंग का भी काम चल रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार सिगरेट, विभिन्न नामी ब्रांड के रैपर, पैकेट, डिब्बे, पेपर रोल, स्टिक, पैकिंग मशीन, प्रिंटेड लेबल और अन्य उपकरण बरामद किए।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि यह फैक्ट्री लंबे समय से चल रही थी और यहां से नकली सिगरेट बाजार में सप्लाई की जाती थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन नकली उत्पादों की सप्लाई किन इलाकों में होती थी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका क्या है।
मकान मालिक मु. इकबाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी पकड़ी गई थी नकली फैक्ट्री
टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में स्थानीय स्तर पर कोई गिरोह सक्रिय है या इसकी नेटवर्किंग अन्य जिलों तक फैली हुई है। कोतवाली पुलिस ने बरामद सभी सामानों को कब्जे में लेकर थाने में जमा कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने कहा कि ऐसे अवैध धंधों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी ताकि लोगों को नकली उत्पादों से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। बता दें कि दो माह पूर्व भी मुंगेर के पूरबसराय और वासुदेवपुर में नकली सिगरेट पकड़ी गई थी।
