विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले चालक के हाथ-पैर बांधे, फिर ऑटो लेकर फरार! गंगटा जंगल लूटकांड में मुंगेर पुलिस का एक्शन, धनबाद से गिरफ्तारी

Published: Fri, 02 Oct 2026 06:35 PM (IST)

मुंगेर पुलिस ने जमालपुर से गंगटा जा रहे ऑटो चालक को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।

ऑटो लूट कांड का खुलासा करते एसपी सैयद इमरान मसूद और गिरफ्तार आरोपी।

ऑटो लूट कांड का खुलासा करते एसपी सैयद इमरान मसूद और गिरफ्तार आरोपी।

HighLights

  1. ऑटो चालक को बंधक बनाकर लूटपाट, नाले में फेंका गया।

  2. मुंगेर पुलिस ने अंतरराज्यीय ऑटो लूट गिरोह का पर्दाफाश किया।

  3. चार आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया ऑटो धनबाद से बरामद हुआ।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger Auto Robbery Dhanbad Recovery Four Arrested: जमालपुर से गंगटा जा रहे ऑटो चालक को सुनसान रास्ते में बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का गंगटा थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। अपराधियों ने ऑटो चालक की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसके हाथ-पैर और मुंह बांधकर नाले में फेंक दिया था और ऑटो लेकर फरार हो गए थे।

मुंगेर पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान (सर्विलांस) और गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को दबोच लिया है। पुलिस ने लूटा गया ऑटो झारखंड के धनबाद जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया है।

  • मुंगेर के जमालपुर से गंगटा के लिए 1400 में ऑटो बुक कर बदमाशों ने सुनसान रास्ते में चालक सिंटू कुमार से की लूटपाट

  • चालक को बेरहमी से पीटकर हाथ-पैर और मुंह बांध नाले में फेंका, फिर ऑटो लेकर जमुई के रास्ते पहुंचे झारखंड के धनबाद

  • धनबाद के निरसा में महज 25 हजार रुपये में बेचा था लूटा गया ऑटो; ग्रामीणों ने अगली सुबह नाले से चालक को बचाया

  • एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर गठित एसआईटी ने कौआकोल, गढ़ी और धनबाद से 4 बदमाशों को किया गिरफ्तार

Munger Police Busts Auto Robbery Gang Recovers Vehicle from Dhanbad (1)

एसपी सैयद इमरान मसूद ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना 25 सितंबर की रात लगभग 11 बजे की है। नौलखा निवासी ऑटो चालक सिंटू कुमार के ऑटो को कुंदन कुमार और धर्मेंद्र कुमार ने 1400 में गंगटा जाने के लिए बुक किया था। गंगटा से कुछ ही दूरी पहले सुनसान रास्ते में बदमाशों ने गाड़ी रुकवा ली।

नाले में तड़पता मिला चालक, जमुई से धनबाद तक बिछाया जाल

वहां पहले से घात लगाए विक्की कुमार के साथ मिलकर दोनों बदमाशों ने चालक सिंटू की जमकर पिटाई की। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर और मुंह पर कपड़ा लपेटकर सड़क किनारे गहरे नाले में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी ऑटो लेकर जमुई के रास्ते झारखंड भाग निकले और धनबाद के निरसा में उसे महज 25 हजार रुपये में बेच दिया।

अगले दिन सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने नाले में पड़े चालक को देखा और उसके बंधन खोलकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए खड़कपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (SIT) का गठन किया गया।

4 आरोपी गिरफ्तार, एसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत

तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने सबसे पहले नवादा जिले के कौआकोल निवासी विक्की कुमार, कुंदन कुमार और जमुई के गढ़ी निवासी धर्मेंद्र कुमार उर्फ धड़कन को गिरफ्तार किया।

तीनों की निशानदेही पर छापेमारी करते हुए पुलिस झारखंड के धनबाद जिला अंतर्गत निरसा थाना क्षेत्र के काटा गांव पहुंची, जहां से चोरी का ऑटो खरीदने वाले निशांत को गिरफ्तार कर लिया गया और ऑटो बरामद कर लिया गया।

एसपी सैयद इमरान मसूद ने इस ब्लाइंड केस का त्वरित और सटीक खुलासा करने वाली पूरी पुलिस टीम को नकद राशि व प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें- Munger News: मुंगेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नकली सिगरेट फैक्ट्री का भंडाफोड़; 85 लाख कैश बरामद

यह भी पढ़ें- मुंगेर पुलिस ने पकड़ा गिट्टी लदा हाइवा, अंदर निकली 513 कार्टून अवैध शराब; अरुणाचल से आई खेप