विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्राद्ध में जुटे थे लोग, चोरों ने कर दिया खेल! मुंगेर में एक घर से 14 मोबाइल, दूसरे से बाइक चोरी; दो गिरफ्तार

Published: Mon, 05 Oct 2026 10:27 AM (IST)

Munger Funeral Program Mobile Bike Arrest: मुंगेर के असरगंज थाना क्षेत्र में श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान हुई मोबाइल और मोटरसाइकिल चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

पुलिस हिरासत में गिरफ्तार बदमाश. सौ. पुलिस

पुलिस हिरासत में गिरफ्तार बदमाश. सौ. पुलिस

HighLights

  1. मुंगेर में श्राद्ध कार्यक्रम चोरी का पुलिस ने किया पर्दाफाश।

  2. पुलिस ने 14 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की।

  3. दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी।

संवाद सहयोगी, असरगंज (मुंगेर)। Munger Funeral Program Mobile Bike Arrest: मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मासूमगंज गांव में बीते दिनों श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान हुई भीषण चोरी का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल पर्दाफाश कर दिया है।

पुलिस ने चोरी किए गए सभी 14 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए मामले में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र के चोर गिरोहों में खलबली मच गई है।

तारापुर डीएसपी देवेंद्र कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मासूमगंज गांव में एक परिवार के यहां श्राद्ध कार्यक्रम चल रहा था। परिजनों और रिश्तेदारों की व्यस्तता का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने एक घर से एक साथ 14 कीमती मोबाइल फोन पार कर दिए।

  • मुंगेर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मासूमगंज गांव में श्राद्ध कार्यक्रम की भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को दिया था अंजाम

  • चोरों ने एक घर से एक साथ 14 मोबाइल फोन उड़ाए, वहीं पास के दूसरे घर से मोटरसाइकिल भी कर ली थी चोरी

  • तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मासूमगंज निवासी रोशन कुमार गिरफ्तार; उसकी निशानदेही पर छोटी कोरियन से सोनू कुमार भी दबोचा गया

  • गिरफ्तार आरोपियों के पास से सभी 14 चोरी के मोबाइल और बाइक बरामद; गिरोह के अन्य सदस्यों और खरीददारों की तलाश जारी

इसके बाद चोरों ने पास के ही दूसरे घर को निशाना बनाते हुए वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल भी चुरा ली। घटना के बाद पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जांच तेज की।

तकनीकी जांच से दबोचा गया पहला आरोपी, निशानदेही पर साथी भी अरेस्ट

अनुसंधान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना और सर्विलांस के आधार पर अहम सुराग मिले, जिसके बाद मासूमगंज गांव निवासी रोशन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर रोशन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल तथा मोबाइल बरामद कर लिए गए।

इसके बाद रोशन की ही जानकारी पर पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए छोटी कोरियन गांव निवासी पप्पू यादव के पुत्र सोनू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

अन्य चोरियों और सामान खपाने वाले गिरोह से जुड़े तारों की तलाश

डीएसपी देवेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी में गिरोह के और कौन-कौन से सदस्य शामिल थे। 

चोरी के मोबाइल व बाइक को कहां और किसे बेचने की योजना थी। इसके साथ ही इलाके में हाल के दिनों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- मुंगेर में शराब केस की FIR में हेरफेर, 8 पुलिसकर्मी और चौकीदार सस्पेंड; SP ने लिया एक्शन