मुंगेर में शराब केस की FIR में हेरफेर, 8 पुलिसकर्मी और चौकीदार सस्पेंड; SP ने लिया एक्शन
मुंगेर में शराब मामलों की प्राथमिकी में तथ्यों की गड़बड़ी के चलते एसपी ने आठ पुलिसकर्मियों और एक चौकीदार को निलंबित किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
शराब मामलों की FIR में तथ्यों की गड़बड़ी पाई गई।
एसपी ने आठ पुलिसकर्मियों और एक चौकीदार को निलंबित किया।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष के निलंबन की अनुशंसा डीआईजी से हुई।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। शराब से जुड़े मामलों की प्राथमिकी में तथ्यों की गड़बड़ी मुफस्सिल थाना में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों पर भारी पड़ गई।
जांच में गंभीर लापरवाही और तथ्यों में हेरफेर के ठोस साक्ष्य मिलने के बाद एसपी सैयद इमरान मसूद ने आठ पुलिस कर्मी सहित एक चौकीदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार को भी निलंबित करने की अनुशंसा डीआईजी से की गई है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है।
एसपी ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शराब मामलों में केस दर्ज करते समय तथ्यों में गड़बड़ी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद अंचल पुलिस निरीक्षक से जांच कराई गई।
प्रारंभिक जांच में दारोगा राजेश कुमार शर्मा और दारोगा नुरैन अंसारी की भूमिका सामने आई। दोनों को 26 सितंबर को निलंबित कर दिया गया।
मामले की विस्तृत जांच की जिम्मेदारी डीएसपी मुख्यालय को दी गई। टीम ने थाने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, अभिलेखों की जांच की और छापेमारी में शामिल पुलिसकर्मियों से पूछताछ की।
जांच में प्राथमिकी के तथ्यों में गड़बड़ी के ठोस साक्ष्य मिले। अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी सामने आई। मुफस्सिल थानाध्यक्ष का प्रभार अपर थानाध्यक्ष मिथलेश कुमार कुणाल संभालेंगे।
इन पर गिरी गाज
दारोगा राजेश कुमार शर्मा, नुरैन अंसारी, वीरेंद्र कुमार, सिपाही मन्नु कुमार, क्यूआरटी हसनपुर के प्रशांत कुमार, निलेश कुमार पासवान, सूरज कुमार, विनोद सिंह यादव और मुफस्सिल थाना के चौकीदार कृष्णदेव पासवान निलंबित किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- रात में खुद सड़कों पर उतरे मुंगेर एसपी, 19 चेकपोस्ट पर पहुंचे, चार पर गिरी गाज तो छह पुलिसकर्मियों को ईनाम
