रात में खुद सड़कों पर उतरे मुंगेर एसपी, 19 चेकपोस्ट पर पहुंचे, चार पर गिरी गाज तो छह पुलिसकर्मियों को ईनाम
Munger SP Night Inspection Four Cops Suspended Action: मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने रात में जिले के विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण किया।

मुंगेर में देर रात सड़कों पर उतरकर वाहनों की चेकिंग और पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी का जायजा लेते एसपी सैयद इमरान मसूद।
HighLights
एसपी सैयद इमरान मसूद ने रात में किया औचक निरीक्षण।
चार पुलिस अधिकारियों पर हुई अनुशासनिक विभागीय कार्रवाई।
छह सतर्क पुलिसकर्मियों को मौके पर ही किया गया पुरस्कृत।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। रात के अंधेरे में अपराधियों और संदिग्धों पर नजर रखने वाली पुलिस गश्त की असल हकीकत जांचने के लिए खुद पुलिस कप्तान सड़कों पर उतर आए। सोमवार की देर रात से लेकर मंगलवार तड़के तक पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने जिले के विभिन्न चेकपोस्ट, नाका और बीट पॉइंट्स का अचानक औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान कहीं पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी पर मुस्तैद दिखे तो कहीं गंभीर लापरवाही उजागर हुई। ड्यूटी में ढिलाई और अनिमितता पाए जाने पर एसपी ने एक इंस्पेक्टर समेत चार पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनिक विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि जिले में चोरी, गृहभेदन, लूट और छिनतई जैसी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा 19 रणनीतिक चेकपोस्ट/नाका और 26 बीट बनाए गए हैं।
एसपी ने औचक छापेमारी के जरिए यह जांचा कि तय समय पर अधिकारी और जवान ड्यूटी पॉइंट पर तैनात हैं या नहीं और आने-जाने वाले वाहनों व संदिग्धों की तलाशी किस तरह ली जा रही है।
सोमवार की रात से मंगलवार सुबह तक मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने जिले के चेकपोस्ट, नाका और बीट पॉइंट्स का किया औचक निरीक्षण
ड्यूटी में लापरवाही और अनुपस्थिति पाए जाने पर एक इंस्पेक्टर और तीन दारोगा सहित चार पुलिस अधिकारियों पर अनुशासनिक कार्रवाई शुरू
वासुदेवपुर चौक और तीनबटिया चेकपोस्ट पर उत्कृष्ट व सतर्क ड्यूटी के लिए 6 पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार से किया गया सम्मानित
जिले में अपराध नियंत्रण हेतु गठित 19 चेकपोस्टों और 26 बीट पॉइंट्स पर रात्रि गश्त व्यवस्था को सख्त करने का निर्देश जारी
लापरवाही बरतने वाले चार पुलिस अधिकारियों पर शुरू हुई विभागीय कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों के कार्य और उपस्थिति में गंभीर त्रुटियां पाई गईं। एसपी सैयद इमरान मसूद ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए मुस्तैदी न दिखाने वाले इंस्पेक्टर शिव अमित प्रकाश कौशिक, दारोगा हरिकिशोर प्रसाद यादव, दारोगा चंद्रशेखर सिंह और दारोगा बिंदेश्वरी प्रसाद यादव के खिलाफ तत्काल प्रभाव से अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी की इस सख्त कार्रवाई से गश्ती दल और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
वासुदेवपुर और तीनबटिया पर दिखी मुस्तैदी, 6 पुलिसकर्मी हुए पुरस्कृत
एक तरफ जहां लापरवाह अफसरों पर गाज गिरी, वहीं दूसरी ओर वासुदेवपुर चौक और तीनबटिया स्थित रास्ता रेस्टोरेंट के समीप बने चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सजगता के साथ मुस्तैद मिले।
बेहतर कार्यशैली, चौकसी और सतर्कता के लिए एसपी ने 6 पुलिसकर्मियों को मौके पर ही पुरस्कृत किया। पुरस्कृत होने वालों में दारोगा अशोक कुमार सिंह, पीटीसी राजीव रंजन कुमार, सिपाही राहुल कुमार यादव, रौशन कुमार, राकेश कुमार गोंड और धर्मराज कुमार शामिल हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि रात्रि गश्त में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
