विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना रेलवे बिजली के कैसे जल रहे बल्ब? मुंगेर के लाल दरवाजा परिसर में रेलवे की संपत्ति पर कब्जा

Published: Tue, 17 Nov 2026 05:08 PM (IST)

Munger Old Railway Station मुंगेर के लाल दरवाजा स्थित पुराने रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे की जमीन और जर्जर क्वार्टरों ...और पढ़ें

Munger Old Railway Station मुंगेर के पुराने रेलवे क्वार्टरों में अवैध कब्जा

Munger Old Railway Station मुंगेर के पुराने रेलवे क्वार्टरों में अवैध कब्जा

HighLights

  1. पुराने रेलवे क्वार्टरों पर अवैध कब्जा, घरेलू सामान और मवेशी रखे।

  2. रेलवे की बिजली आपूर्ति बंद, अवैध कनेक्शनों पर उठे सवाल।

  3. विद्युत विभाग और रेलवे प्रशासन को जांच, जवाबदेही तय।

संवाद सूत्र, मुंगेर। Munger Old Railway Station रेलवे की जमीन, जर्जर हो चुके पुराने क्वार्टर और उनमें रह रहे परिवार—आखिर इन सरकारी भवनों का इस्तेमाल किसकी अनुमति से हो रहा है? शहर के लाल दरवाजा स्थित पुराने रेलवे स्टेशन परिसर में यह सवाल अब प्रशासनिक निगरानी और विभागों की जवाबदेही तक पहुंच गया है। परिसर के पुराने क्वार्टरों में कहीं परिवार रह रहे हैं, तो कहीं घरेलू सामान और मवेशी रखे जा रहे हैं। लोगों ने अपनी सुविधा के अनुसार परिसर में रहने और इसके उपयोग की व्यवस्था बना ली है, लेकिन रेलवे की इस बेशकीमती संपत्ति पर कब्जे जैसी स्थिति की निगरानी करने वाला कोई नजर नहीं आ रहा।

सरकारी जमीन पर बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया पर उठे सवाल

इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा सवाल बिजली आपूर्ति को लेकर खड़ा हो रहा है। इन क्वार्टरों में बिजली कहां से आ रही है और वहां चल रहे कनेक्शन वैध हैं या अवैध, इसका स्पष्ट जवाब जिम्मेदार विभागों के पास होना चाहिए। नियमानुसार, किसी आम नागरिक को नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए पहचान पत्र के साथ संबंधित परिसर या जमीन के स्वामित्व से जुड़े निर्धारित दस्तावेज जमा करने होते हैं।

ऐसे में रेलवे की जमीन पर बने पुराने क्वार्टरों में रह रहे परिवारों को यदि वैध बिजली कनेक्शन दिया गया है, तो वह किस आधार पर जारी हुआ? आवेदन में कौन से दस्तावेज लगाए गए और परिसर में रहने की स्थिति का भौतिक सत्यापन किसने किया—विद्युत विभाग को इन गंभीर सवालों का जवाब देना होगा।

रेलवे की बिजली सप्लाई बंद, फिर कैसे पहुंची रोशनी?

मामले में रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर शशि कुमार ने स्पष्ट किया है कि पुराने स्टेशन परिसर में रेलवे की ओर से कोई बिजली आपूर्ति नहीं की जा रही है। रेलवे की बिजली केवल पूरबसराय स्थित नए स्टेशन परिसर में ही उपलब्ध है। जब रेलवे की आपूर्ति बंद है, तो पुराने क्वार्टरों में इस्तेमाल हो रही बिजली का स्रोत क्या है और वहां तक करंट किस माध्यम से पहुंच रहा है, इसकी गहन पड़ताल आवश्यक है।

पहले भी पकड़ी जा चुकी है बिजली चोरी, अब फिर होगी जांच

पुराने रेलवे स्टेशन परिसर में बिजली के अवैध इस्तेमाल का यह मामला नया नहीं है। विद्युत कार्यपालक अभियंता दिलीप कुमार ने बताया कि पिछले दिनों भी इस परिसर में सघन जांच कराई गई थी। उस दौरान बिजली के अवैध उपयोग और चोरी के मामले में कई लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की एक बार फिर से जांच कराई जाएगी और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे मामले में रेलवे और विद्युत विभाग, दोनों की जवाबदेही बनती है। यदि कनेक्शन वैध हैं तो विद्युत विभाग दस्तावेज सार्वजनिक करे, और यदि बिजली चोरी हो रही है तो नियमित निगरानी क्यों नहीं हुई। दूसरी ओर रेलवे प्रशासन को भी स्पष्ट करना होगा कि उसके क्वार्टरों पर किसकी शह से कब्जा है और संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी किस अधिकारी की है।

यह भी पढ़ें- भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के चौथे हिस्से पर गर्डर लॉन्चिंग और स्लैब की ढलाई का काम शुरू, 15 दिसंबर है डेडलाइन

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।