विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर चौथे हिस्से में पूरा होगा गर्डर लांचिंग कार्य, स्लैब ढलाई शुरू; 15 दिसंबर तक लक्ष्य

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:32 AM (IST)

Vikramshila Setu Bhagalpur Rehabilitation Work : भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य का महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है, ...और पढ़ें

Vikramshila Setu Bhagalpur Rehabilitation Work : भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन कार्य में बड़ी प्रगति

Vikramshila Setu Bhagalpur Rehabilitation Work : भागलपुर के विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन कार्य में बड़ी प्रगति

HighLights

  1. विक्रमशिला सेतु पर अंतिम गर्डर लांचिंग कार्य संपन्न हुआ।

  2. पुल पर स्लैब ढलाई का काम अब शुरू हो गया है।

  3. 15 दिसंबर तक स्लैब ढलाई पूरी करने का लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Vikramshila Setu Bhagalpur Rehabilitation Work : अंग क्षेत्र को कोसी और सीमांचल से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लाइफलाइन विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन (मरम्मत) कार्य में मंगलवार को एक बड़ा और निर्णायक पड़ाव पूरा होने जा रहा है।

सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्सों में चल रहे स्टील गर्डर लांचिंग के तहत आज बरारी पुल घाट के समीप चौथे और अंतिम हिस्से में दूसरा गर्डर लांच कर दिया जाएगा। इसके साथ ही सेतु के सभी चारों क्षतिग्रस्त खंडों में स्टील गर्डर लगाने का कार्य पूरी तरह संपन्न हो जाएगा। गर्डर लांचिंग का यह चरण पूरा होते ही अब सेतु पर स्लैबों की ढलाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जिसे 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

चार खंडों में चल रहा था गर्डर बदलने का जटिल कार्य

गौरतलब है कि गंगा नदी पर बने इस व्यस्त सेतु के क्षतिग्रस्त स्पैन और हिस्सों को मजबूत बनाने के लिए एक अक्टूबर से बड़े पैमाने पर पुनर्स्थापन कार्य शुरू किया गया था। निर्माण एजेंसी के अभियंताओं और कर्मियों की लगातार मेहनत के चलते पहले तीन क्षतिग्रस्त हिस्सों में स्टील गर्डर लांचिंग का कार्य एक सप्ताह पूर्व ही सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया था।

इसके बाद चौथे और अंतिम हिस्से पर ध्यान केंद्रित किया गया। बीते शनिवार दोपहर करीब एक बजे चौथे हिस्से में पहला स्टील गर्डर लांच किया गया था, जबकि दूसरा और अंतिम गर्डर मंगलवार को स्थापित किया जा रहा है।

डेढ़ माह में 40 प्रतिशत काम पूरा, 15 दिसंबर तक ढलाई का लक्ष्य

सेतु पर काम की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक अक्टूबर को कार्य आरंभ होने के बाद से महज डेढ़ महीने की अवधि में करीब 40 प्रतिशत पुनर्स्थापन कार्य पूरा कर लिया गया है। निर्माण कार्य में जुटे कर्मियों के अनुसार, गर्डर लांचिंग का काम समाप्त होने के तुरंत बाद स्लैब ढलाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

यदि सब कुछ निर्धारित योजना के अनुरूप चलता रहा, तो 15 दिसंबर तक स्लैब की ढलाई का काम भी पूरा कर लिया जाएगा, जिससे यातायात सुगमता की दिशा में बड़ी राहत मिलेगी।

कंक्रीट की जगह लगेगी स्टील रेलिंग और लोहे का फुटपाथ

गर्डर लांचिंग और ढलाई के समानांतर सेतु के ऊपरी ढांचे को सुरक्षित और आधुनिक बनाने का काम भी तेजी से जारी है। सेतु पर वर्षों पुरानी जर्जर कंक्रीट रेलिंग और फुटपाथ को मशीनों की मदद से काटकर हटाया जा रहा है।

योजना के मुताबिक, पुरानी कंक्रीट रेलिंग की जगह मजबूत स्टील रेलिंग और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए लोहे का फुटपाथ बनाया जाना है। निर्माण टीम के अनुसार, कटिंग का काम पूरा होते ही सेतु पर नई स्टील रेलिंग लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- ब‍िहार के अंग प्रदेश से सीधा जुड़ेगा मिथिलांचल; बिहपुर-वीरपुर NH-106 का उद्घाटन करेंगे PM नरेन्‍द्र मोदी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।