बिहार के अंग प्रदेश से सीधा जुड़ेगा मिथिलांचल; बिहपुर-वीरपुर NH-106 का उद्घाटन करेंगे PM नरेन्द्र मोदी
PM Narendra Modi NH 106 Inauguration Bihpur Birpur Kosi Bridge Bhagalpur Ajgaivinath Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहपुर-वीरपुर ...और पढ़ें

PM Narendra Modi NH 106 Inauguration Bihpur Birpur Kosi Bridge Bhagalpur Ajgaivinath Airport: प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
21 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे एनएच-106 का उद्घाटन।
1600 करोड़ की लागत से बना 6.93 किमी कोसी पुल।
अंग क्षेत्र, मिथिलांचल और कोसी की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
संवाद सूत्र, बिहपुर (भागलपुर)। PM Narendra Modi NH 106 Inauguration Bihpur Birpur Kosi Bridge Bhagalpur Ajgaivinath Airport: करीब 25 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद 136 किलोमीटर लंबे बहुप्रतीक्षित बिहपुर-वीरपुर एनएच-106 के उद्घाटन की तारीख आखिरकार तय हो गई है। आगामी 21 नवंबर को वैशाली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना समेत बिहार की कई विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना के चालू होने से अंग क्षेत्र का सीधा संपर्क मिथिलांचल और कोसी इलाके से जुड़ जाएगा।
1600 करोड़ की लागत से तैयार हुई सड़क व 6.93 किमी लंबा कोसी पुल
करीब 1600 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस सड़क और कोसी नदी पर निर्मित 6.93 किलोमीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस भव्य पुल में कुल 128 स्पैन हैं। अंतिम फिनिशिंग और सुरक्षा जांच के बाद निर्माण एजेंसी एफकान्स (AFCONS) ने परियोजना को पथ निर्माण विभाग को सौंप दिया है।
बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक ई. शैलेंद्र ने इसकी जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि 136 किमी लंबे इस एनएच के पूर्ण होने में कोसी पुल ही मुख्य रुकावट था, जिसका शिलान्यास वर्ष 2020 में पीएम मोदी तथा इससे पूर्व अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने किया था।
तीन घंटे का सफर महज 10 मिनट में होगा पूरा
पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेंद्र ने कहा कि एनएच-106 के चालू होने से कोसी क्षेत्र के पिछड़े गांव सीधे विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे और व्यापार, कृषि तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
कृषि व व्यापार को मिलेगी रफ्तार
बिहपुर और गंगापार के आम, लीची, मक्का, केला व शहद जैसे कृषि उत्पादों को दूसरे राज्यों की मंडियों तक पहुंचाना बेहद आसान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मार्ग से बिहपुर से मधेपुरा जिला क्षेत्र की दूरी 72 किलोमीटर से घटकर मात्र 12 किलोमीटर रह जाएगी और सफर में लगने वाला समय तीन घंटे से घटकर करीब 10 मिनट हो जाएगा।
भागलपुर के केंद्रीय विवि का शिलान्यास भी संभावित
मंत्री के अनुसार, 21 नवंबर को एनएच-106 के साथ बिहार को कई अन्य बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है। पीएम मोदी वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल का उद्घाटन करेंगे।
और अजगैवीनाथ ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
वैशाली के जफरपट्टी में 1265 एकड़ में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का शिलान्यास भी संभावित है। विशेष रूप से भागलपुर में प्रस्तावित केंद्रीय विश्वविद्यालय और अजगैवीनाथ ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का शिलान्यास भी संभावित कार्यक्रम में शामिल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।