ईख के जंगल में गुम हुए पद्मविभूषण नंदलाल बोस; मुंगेर में छठ के कारोबार के बीच ढकी महान चित्रकार की प्रतिमा
Acharya Nandalal Bose Statue Covered Sugarcane Munger Chhath Market Encroachment: मुंगेर के हवेली खड़गपुर में छठ बाजार के दौरान आचार्य ...और पढ़ें

Acharya Nandalal Bose Statue Covered Sugarcane Munger Chhath Market Encroachment: छठ के लिए ईख की खरीदारी।
HighLights
आचार्य नंदलाल बोस की प्रतिमा गन्ने की दुकानों से ढकी।
कला प्रेमियों और बुद्धिजीवियों ने जताई गहरी नाराजगी।
51 छठ व्रतियों को पूजन सामग्री व वस्त्र वितरित।
संवाद सहयोगी, जागरण, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। Acharya Nandalal Bose Statue Covered Sugarcane Munger Chhath Market Encroachment: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर इन दिनों हवेली खड़गपुर बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
फल, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की दुकानों से पूरा बाजार गुलजार है। लेकिन पर्व की इस चकाचौंध और कारोबार की होड़ के बीच नंदलाल बोस चौक पर एक अजीबोगरीब तस्वीर देखने को मिल रही है। यहां स्थापित पद्मविभूषण आचार्य नंदलाल बोस की आदमकद प्रतिमा ईख (गन्ने) की दुकानों और ऊंचे ढेरों के बीच इस कदर घिर गई है कि महान चित्रकार का दीदार करना भी मुश्किल हो गया है।
गन्ने के 'जंगल' में छिपी कला की पहचान, कला प्रेमियों में रोष
जिन्होंने अपनी तूलिका और कला साधना से भारतीय संस्कृति व संविधान की मूल प्रति को अमर आभा प्रदान की, आज उन्हीं की प्रतिमा अपने ही गृह क्षेत्र में अतिक्रमण के पर्दे के पीछे ओझल है। प्रतिमा के चारों ओर सटी हुई दुकानें सजने से न केवल चौक की सुंदरता प्रभावित हुई है, बल्कि महान विभूति की पहचान और सम्मान को भी ठेस पहुंच रही है। इस स्थिति को लेकर स्थानीय कला प्रेमियों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य नागरिकों ने गहरी नाराजगी जताई है।
कारोबार जरूरी, पर विभूति की गरिमा से समझौता नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ जैसे महापर्व पर छोटे दुकानदारों का कारोबार और रोजगार बेहद जरूरी है, लेकिन किसी महान विभूति के स्मारक की गरिमा से समझौता कर अतिक्रमण करना कतई उचित नहीं है।
नागरिकों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि नंदलाल बोस चौक स्थित प्रतिमा स्थल को तत्काल अतिक्रमणमुक्त कराया जाए। साथ ही ईख दुकानदारों की सुविधा को देखते हुए उनके लिए पास में ही कोई अलग और व्यवस्थित स्थान तय किया जाए, ताकि पर्व की रौनक और व्यापार के साथ-साथ महान कलाकार की प्रतिमा भी पूरे सम्मान के साथ दिखाई देती रहे।
51 छठ व्रतियों को बांटे सूप
बरियारपुर प्रखंड के महदेवा गांव में समाजसेवी गणेश भगत के सौजन्य से विभिन्न पंचायतों के 51 जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच सूप, पूजन सामग्री और वस्त्रों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विशाल कुमार व थानाध्यक्ष संजय आर्यमान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता मुकेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।
व्रतियों को मिली संपूर्ण पूजन सामग्री, बीडीओ ने सराहा
इस अवसर पर व्रतियों को सूप, नारियल, काबा, नींबू, केला, सेब, नारंगी, चावल, गेहूं, अगरबत्ती और साड़ी सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। बीडीओ विशाल कुमार ने कहा कि छठ महापर्व लोग गहरी आस्था से मनाते हैं और हर वर्ष जरूरतमंदों को पूजन सामग्री उपलब्ध कराना सामाजिक सरोकारों को पूरा करने जैसा पुण्य कार्य है।
वहीं, थानाध्यक्ष संजय आर्यमान ने सभी क्षेत्रवासियों से पर्व को शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। मौके पर रत्न कुमार, ओमप्रकाश, आशुतोष नंद जमुआर, धर्मेंद्र गुप्ता और शत्रु आर्या सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- वाह... बहुत सुंदर! भागलपुर में बिजली विभाग ने छठ महापर्व पर लिया यह शानदार निर्णय, हर जगह हो रही तारीफ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।