मुंगेर में पुरानी रंजिश में खूनी खेल: लाठी-डंडों से पीटकर अधेड़ की हत्या, बेटे के अपहरण को लेकर पड़ोसियों से था विवाद
Murder Ranglal Mandal Old Enmity: मुंगेर के नाकी गांव में पुरानी रंजिश के चलते 50 वर्षीय रंगलाल मंडल की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने बेटे के कथित अपहरण को लेकर पड़ोसियों से विवाद को हत्या का कारण बताया है।
-1795157628771_m.webp)
Murder Ranglal Mandal Old Enmity: शौच को निकले अधेड़ की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रंगलाल मंडल की लाठी-डंडों से पीटकर बेरहमी से हत्या।
बेटे के अपहरण विवाद को लेकर पुरानी रंजिश कारण।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
संवाद सूत्र, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। Murder Ranglal Mandal Old Enmity: शामपुर थाना क्षेत्र के नाकी गांव में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। अज्ञात हमलावरों ने 50 वर्षीय रंगलाल मंडल की लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी और शव को धान के खेत में फेंक दिया। सुबह खेत में लहूलुहान हालत में पड़े मिलने के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में बरियारपुर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के शरीर और सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
सुबह शौच के लिए निकले थे रंगलाल, आधे किमी दूर खेत में अचेत मिले
परिवार वालों के अनुसार, रंगलाल मंडल सुबह नित्यक्रिया (शौच) के लिए घर से खेत की ओर गए थे। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो चिंतित स्वजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक धान के खेत में वे गंभीर रूप से घायल और अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन तुरंत उन्हें उठाकर बरियारपुर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो चुकी थी।
बेटे के कथित अपहरण को लेकर पड़ोसियों से चल रहा था पुराना विवाद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। स्वजनों ने पुलिस को बताया कि रंगलाल मंडल के पुत्र के कथित अपहरण को लेकर पड़ोसियों से काफी समय से पुराना विवाद और रंजिश चल रही थी। परिजनों ने इसी रंजिश में रंगलाल की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से नाकी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
-1795157694816.webp)
SDPO ने की रंजिश की पुष्टि, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
मामले की जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अभय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अपहरण विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चलने की बात सामने आई है। इसी रंजिश के कारण अधेड़ की पीटकर हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया है। एसडीपीओ ने कहा कि स्वजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।