मुंगेर : लोको पायलट ने पत्नी पूजा का रेता गला, दो बेटियों से छीनी मां; भागलपुर से पहुंचे भाई ने कहा- 10 लाख मांगता था दशरथ
Munger Dowry Murder News Loco Pilot: मुंगेर के सदर बाजार स्थित किराए के मकान में जमालपुर में कार्यरत लोको पायलट ...और पढ़ें

Munger Dowry Murder News Loco Pilot: मुंगेर में लोको पायलट ने पत्नी पूजा की गला रेतकर की हत्या
HighLights
दहेज के लिए पत्नी की हत्या
लोको पायलट पति ने रेता गला
दो मासूम बेटियों से छीनी मां
संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger Dowry Murder News Loco Pilot: दहेज की लालच में एक रेलकर्मी इस कदर हैवान बन गया कि उसने अपने ही बच्चों की मां को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। मुंगेर शहर के सदर बाजार स्थित एक किराए के मकान में बुधवार देर रात जमालपुर में पदस्थापित लोको पायलट दशरथ मंडल ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर अपनी पत्नी पूजा देवी की धारदार चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था बहन का शव, भाई ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के भाई शुभम कुमार ने अपने बहनोई दशरथ मंडल पर दहेज प्रताड़ना और सुनियोजित तरीके से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। शुभम ने पुलिस को बताया कि बुधवार देर रात उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन पूजा की हत्या कर दी गई है। खबर सुनते ही वह बदहवास हालत में सदर बाजार स्थित किराए के मकान पर पहुंचे, जहां कमरे के फर्श पर पूजा का शव खून से लथपथ पड़ा था और उसका गला चाकू से बेरहमी से रेता हुआ था।
परिजनों की सूचना पर स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है।
2015 में हुई थी शादी, एक साल बाद ही शुरू कर दी थी 10 लाख की मांग
शोकाकुल परिजनों के अनुसार, भागलपुर जिले के इशाकचक निवासी अमर कुमार की बेटी पूजा की शादी वर्ष 2015 में मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दशरथपुर इटवा निवासी दशरथ मंडल के साथ पूरे रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के वक्त मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार पर्याप्त दान-दहेज दिया था।
आरोप है कि विवाह के महज एक वर्ष बाद से ही लोको पायलट पति दशरथ मंडल ने 10 लाख रुपये नकद दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर वह आए दिन पूजा के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना करता था। पूजा अक्सर फोन पर अपने मायके वालों को पति की प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियों के बारे में बताती थी।
पांच और नौ साल की दो बेटियों के सिर से उठा मां का साया
इस जघन्य हत्याकांड ने दो मासूम बच्चियों की दुनिया उजाड़ दी है। मृतका पूजा देवी की दो छोटी बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी नौ वर्ष की और छोटी बेटी महज पांच वर्ष की है। मां की निर्मम हत्या के बाद दोनों मासूमों के सिर से ममता का आंचल हमेशा के लिए छिन गया है। सदर अस्पताल से लेकर मायके और ससुराल तक परिजनों में चीख-पुकार व कोहराम मचा हुआ है।
मामले में धरहरा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दशरथ मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।