विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में 180 पदों पर भर्ती, 28 अक्टूबर से लगेगा जॉब कैंप, जानें कहां और कब मिलेगा मौका

Published: Thu, 15 Oct 2026 07:14 PM (IST)

मुंगेर में एसआईएस सिक्योरिटी द्वारा सुरक्षा जवान, सुपरवाइजर और कैश कस्टोडियन के 180 पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रखंडवार जॉब कैंप आयोजित किए जाएंगे।

एआई द्वारा जनरेट की गई सांकेतिक तस्वीर।

एआई द्वारा जनरेट की गई सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. मुंगेर में 180 सुरक्षा पदों पर सीधी भर्ती।

  2. 28 अक्टूबर से प्रखंडवार जॉब कैंप शुरू।

  3. 10वीं/12वीं पास, 19-40 आयु वर्ग पात्र।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे और सुरक्षा के क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे मुंगेर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर है।

एसआईएस सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड की ओर से सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर और कैश कस्टोडियन के कुल 180 पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रखंडवार नियोजन (जॉब) कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

जिला नियोजन कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों को पूरे देश में विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों व प्रतिष्ठानों में नौकरी का अवसर प्राप्त होगा।

विभागीय जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा जवान के 100 पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास, सुरक्षा सुपरवाइजर के 30 पदों के लिए 12वीं पास और कैश कस्टोडियन के 50 पदों के लिए 12वीं पास होना अनिवार्य है।

तीनों ही पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 19 से 40 वर्ष के बीच तय की गई है। साथ ही, पद के मानकों के अनुसार शारीरिक लंबाई की शर्त भी लागू होगी। चयनित उम्मीदवारों को उनके पद और योग्यता के अनुसार प्रतिमाह 10,000 रुपये से लेकर 24,000 रुपये तक का वेतन दिया जाएगा।

प्रखंडवार नियोजन कैंप की तिथियां और स्थल

जिला नियोजन पदाधिकारी के अनुसार, अभ्यर्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यह नियोजन कैंप संबंधित प्रखंड कार्यालय (BDC) परिसरों में आयोजित किया जाएगा।

  • असरगंज प्रखंड: 28 अक्टूबर

  • तारापुर प्रखंड: 29 अक्टूबर

  • संग्रामपुर प्रखंड: 2 नवंबर

  • टेटिया बंबर प्रखंड: 3 नवंबर

  • हवेली खड़गपुर प्रखंड: 4 नवंबर

एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य

नियोजन कैंप में भाग लेने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों का भारत सरकार के राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS - National Career Service) पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों ने अब तक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे पूर्व में ही ऑनलाइन पंजीकरण पूरा कर लें।

कैंप के दिन अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अंक पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड व बायोडाटा लेकर निर्धारित समय पर संबंधित प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचना होगा।

यह भी पढ़ें- मुंगेर में दुर्गापूजा पर 7 दिन ट्रैफिक पर ब्रेक, 70 ड्रॉप गेट संभालेंगे भीड़, 17 से 23 तक इन रास्तों पर नो एंट्री

यह भी पढ़ें- बूंद-बूंद पानी से मुंगेर में भविष्य संवार रहीं कृतिका, जल संरक्षण की मुहिम से जगा रहीं नई उम्मीद