विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में बहुमंजिला भवनों का सपना, खासमहाल की शर्तों में उलझा, 16,500 संपत्तियों में महज 7 का नवीकरण

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:15 AM (IST)

बिहार के नए भवन उपविधि-2026 से शहरी क्षेत्रों में ऊंची इमारतों के निर्माण की संभावना बढ़ी है, लेकिन मुंगेर में खासमहाल जमीन एक बड़ी अड़चन बनी हुई है। 16,500 खासमहाल संपत्तियों में से केवल सात का ही नवीकरण हो पाया है, जिससे शहर का विकास और बहुमंजिला भवनों का निर्माण प्रभावित हो रहा है।

मुंगेर शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र और पुराने भवनों की स्थिति.

मुंगेर शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र और पुराने भवनों की स्थिति.

HighLights

  1. नए भवन उपविधि-2026 से ऊंची इमारतों के निर्माण की राह खुली।

  2. मुंगेर में खासमहाल जमीन शहरी विकास में बड़ी बाधा।

  3. 16,500 खासमहाल संपत्तियों में से केवल 7 का नवीकरण हुआ।

कामेश, मुंगेर। बिहार में लागू नए भवन उपविधि-2026 (New Building Bye-Laws 2026) से शहरी क्षेत्रों में ऊंची इमारतों के निर्माण की संभावनाओं को नई गति मिली है। भवन की अधिकतम ऊंचाई पर सामान्य सीमा समाप्त होने और अतिरिक्त निर्माण क्षेत्र के प्राविधान से शहरों में बहुमंजिला भवनों व व्यावसायिक परिसरों के विकास का रास्ता खुला है।

हालांकि, 100 मंजिल तक निर्माण की चर्चाओं के बीच मुंगेर में इसकी व्यावहारिकता भूकंप सुरक्षा, भूखंड के आकार, सड़क की चौड़ाई और तकनीकी मानकों पर निर्भर करेगी।

दूसरी ओर, मुंगेर शहर के मुख्य बाजार के आधुनिक विकास में खासमहाल (Khasmahal) जमीन सबसे बड़ी अड़चन बनी हुई है। जिन संपत्तियों की लीज समाप्त हो चुकी है, उनके मालिकों को न तो भवन की मरम्मत की अनुमति मिलती है और न ही नए निर्माण की।

केवल नगर निगम की स्वीकृति इस स्थिति में पर्याप्त नहीं है। साथ ही, ऐसी संपत्तियों पर बैंकों से ऋण (Loan) भी नहीं मिलने के कारण शहर का मुख्य बाजार पुराने और जर्जर भवनों के बीच सिमटा हुआ है।

ऊंची इमारतों की राह, जोन-4 में सुरक्षा मानकों पर जोर

नई भवन उपविधि के तहत 24 मीटर या उससे अधिक ऊंचे भवन 'हाइराइज' (High-Rise) श्रेणी में शामिल किए गए हैं। नक्शे की स्वीकृति संबंधित भवन की जोखिम श्रेणी के अनुसार तय होगी:

  • मध्यम जोखिम वाले भवन: इनका नक्शा पैनलबद्ध वास्तुविदों द्वारा ऑनलाइन तकनीकी रूप से स्वीकृत किया जाएगा।

  • उच्च जोखिम वाले भवन: इनकी स्वीकृति नगर निगम अथवा नगर विकास विभाग के सक्षम प्राधिकारी से मिलेगी।

चूंकि मुंगेर भूकंप के उच्च जोखिम वाले जोन-4 (Seismic Zone-IV) में आता है, इसलिए ऊंचे भवनों के निर्माण के लिए मिट्टी की जांच (Soil Testing), भूकंपरोधी संरचना, मजबूत नींव, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन निकासी जैसे मानकों का पालन अनिवार्य होगा। नगर निगम के वास्तुविद मृत्युंजय कुमार के लिए भी नए नियमों के अंतर्गत तकनीकी मानकों का प्रभावी क्रियान्वयन अहम चुनौती और जिम्मेदारी रहेगी।

नई उपविधि में आधारभूत एफएआर (FAR) 3.0, निर्धारित शुल्क के भुगतान पर अतिरिक्त निर्माण क्षेत्र तथा पार्किंग को एफएआर की गणना से बाहर रखने जैसे प्राविधान किए गए हैं। इससे निजी भूखंडों पर बहुमंजिला आवास, दुकानें और व्यावसायिक परिसर बनने की उम्मीद है, जिससे जर्जर भवनों को हटाकर पुराने शहर को नया रूप दिया जा सकेगा।

16,500 खासमहाल संपत्तियां, केवल सात का हुआ नवीकरण

मुंगेर के गांधी चौक, बेकापुर और बड़ा बाजार सहित प्रमुख व्यावसायिक इलाके खासमहाल की जमीन पर बसे हैं। खासमहाल पदाधिकारी वसीम रजा ने बताया कि जिले में करीब 16,500 लीज संपत्तियां हैं, जिनमें से अब तक केवल सात का ही नवीकरण हो पाया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लीज की अवधि समाप्त होने पर भवन मालिकों को न तो मरम्मत की अनुमति मिलती है और न ही नए निर्माण की; नगर निगम की अनुमति मात्र से कार्य संभव नहीं है। ऐसी संपत्तियों पर बैंक ऋण भी उपलब्ध नहीं हो पाता।

खासमहाल पदाधिकारी के मुताबिक, लीज समाप्त होने पर वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर नया एग्रीमेंट कराया जा सकता है, बशर्ते संपत्ति पूर्व निर्धारित उपयोग और शर्तों के अनुरूप हो।

नया एग्रीमेंट 30 साल के लिए होगा और उसके बाद हर 30 वर्ष पर इसका नवीनीकरण कराना होगा। बाजार मूल्य का भुगतान एक बार करना होगा, प्रत्येक नवीकरण पर दोबारा नहीं। हालांकि, आवासीय संपत्ति का व्यावसायिक उपयोग करने वालों को भू-उपयोग बदलकर एग्रीमेंट का लाभ नहीं मिल सकेगा।

सख्त शर्तें और भारी लागत से पीछे हट रहे लीजधारक

खासमहाल जमीन को लेकर बनी नई व्यवस्था और कड़े नियम हजारों लीजधारकों के लिए चिंता का विषय बन गए हैं। कई लीजधारक एग्रीमेंट की प्रक्रिया से पीछे हटते दिख रहे हैं।

लीजधारकों का कहना है कि पहले 30-33 वर्षों के साथ 66, 99 साल और स्थायी लीज का भी विकल्प मौजूद था, लेकिन अब हर 30 वर्ष पर नवीनीकरण अनिवार्य कर दिया गया है।

इसके अलावा, मौजूदा बाजार मूल्य के आधार पर बड़ी राशि जमा करना आम परिवारों के लिए कठिन है। दशकों पुरानी लीज की मूल शर्तें भी आड़े आ रही हैं। शहर के विस्तार के साथ आवासीय भूखंडों पर आजीविका के लिए बनी दुकानें और छोटे बाजार भी इन शर्तों के दायरे में आ रहे हैं, जिससे लीजधारकों के समक्ष नई व्यवस्था को अपनाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

यह भी पढ़ें- जमालपुर में डीजल इंजन के पांच पहिये उतरे: पहले अधिकारी ने बताया मॉकड्रिल, PRO बोले- हादसा था, रेलवे में मचा हड़कंप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।