मुंगेर में ऊंची इमारतों के सपने पर खासमहाल का ब्रेक, बायलॉज नियमों से मिली छूट का नहीं मिल रहा फायदा
बिहार के नए भवन उपविधि-2026 से मुंगेर में ऊंची इमारतों के निर्माण की संभावना बढ़ी है, लेकिन खासमहाल जमीन और सख्त लीज नियमों के कारण विकास बाधित है।

मुंगेर शहरी क्षेत्र की तस्वीर। जागरण आर्काइव
HighLights
नए भवन उपविधि से ऊंची इमारतों के निर्माण की संभावना।
खासमहाल जमीन और सख्त लीज नियम विकास में बाधा।
मुंगेर में 16,500 खासमहाल संपत्तियों का नवीकरण लंबित।
कामेश, मुंगेर। बिहार में नए भवन उपविधि-2026 नियम से ऊंची इमारतों के निर्माण की संभावनाएं बढ़ गई हैं, लेकिन मुंगेर में 100 मंजिला इमारतों के निर्माण भूकंप सुरक्षा, भूखंड, सड़क और तकनीकी मानकों पर निर्भर करेगी।
वहीं, शहर के मुख्य बाजार के विकास में खास महल जमीन सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है। लीज समाप्त होने पर संपत्ति मालिकों को न भवन मरम्मत की अनुमति मिलती है, न नया निर्माण करने की।
नगर निगम की अनुमति भी पर्याप्त नहीं है। ऐसी संपत्तियों पर बैंक ऋण नहीं मिलने से मुख्य बाजार पुराने भवनों के बीच सिमटा हुआ है।
ऊंचाई बढ़ाने की राह, मंजूरी की अलग व्यवस्था
नए भवन उपविधि में 24 मीटर या उससे अधिक ऊंचे भवन हाइराइज श्रेणी में आएंगे। नक्शे की स्वीकृति जोखिम श्रेणी के अनुसार होगी।
मध्यम जोखिम वाले भवनों का नक्शा पैनलबद्ध वास्तुविद ऑनलाइन तकनीकी रूप से स्वीकृत करेंगे, जबकि उच्च जोखिम वाले भवनों की स्वीकृति नगर निगम अथवा नगर विकास विभाग के सक्षम प्राधिकारी से होगी।
मुंगेर भूकंप के उच्च जोखिम वाले जोन-4 में है। ऐसे में ऊंचे भवनों के लिए मिट्टी की जांच, भूकंपरोधी डिजाइन, मजबूत नींव, अग्निशमन और आपात निकासी जैसे मानकों का पालन जरूरी होगा।
नगर निगम के वास्तुविद मृत्युंजय कुमार के लिए भी नए नियमों के तहत तकनीकी मानकों का क्रियान्वयन महत्वपूर्ण होगा।
नए उपविधि में आधारभूत एफएआर 3.0 निर्धारित शुल्क पर अतिरिक्त निर्माण क्षेत्र तथा पार्किंग को एफएआर की गणना से बाहर रखने जैसे प्राविधान हैं।
इससे निजी जमीन पर बहुमंजिला आवास, दुकान और व्यावसायिक परिसर विकसित करने की संभावना बढ़ेगी। जर्जर भवनों को तोड़कर नए निर्माण से पुराने शहर को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
16,500 खासमहाल संपत्तियां, केवल सात का नवीकरण
मुंगेर के गांधी चौक, बेकापुर और बड़ा बाजार सहित प्रमुख व्यावसायिक इलाके खासमहाल जमीन पर हैं। खास महल पदाधिकारी वसीम रजा ने बताया कि मुंगेर में करीब 16,500 लीज संपत्तियां हैं, जिनमें केवल सात का नवीकरण हुआ है।
लीज समाप्त होने पर भवन मालिकों को मरम्मत और नए निर्माण की अनुमति नहीं मिलती। नगर निगम की अनुमति मात्र से निर्माण संभव नहीं है। ऐसी संपत्तियों पर बैंक ऋण भी नहीं मिलता।
उन्होंने बताया कि लीज समाप्त होने पर बाजार मूल्य के आधार पर नया एग्रीमेंट कराया जा सकता है। संपत्ति पूर्व निर्धारित उपयोग और शर्तों पर ही दी जाएगी।
नया एग्रीमेंट 30 साल के लिए होगा, जिसके बाद प्रत्येक 30 साल पर नवीकरण कराना होगा। बाजार मूल्य का भुगतान एक बार करना होगा, प्रत्येक नवीकरण पर दोबारा नहीं। आवासीय संपत्ति का व्यावसायिक उपयोग करने वालों को उपयोग बदलकर एग्रीमेंट का लाभ नहीं मिलेगा।
यह है पेच, नई शर्तों से हट रहे पीछे
खासमहाल जमीन के नए नियम और सख्त शर्तें मुंगेर के हजारों लीजधारकों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। एग्रीमेंट कराने के बजाय लोग पीछे हट रहे हैं।
लीजधारकों के मुताबिक, पहले 30-33 साल के साथ 66, 99 साल और स्थायी लीज का भी प्राविधान था, लेकिन अब हर 30 साल पर नवीनीकरण अनिवार्य कर दिया गया है।
दूसरी बड़ी मुश्किल मौजूदा बाजार मूल्य के आधार पर भारी राशि जमा करने की है। यह रकम आम परिवारों की पहुंच से बाहर है।
वहीं, दशकों पुरानी लीज की मूल शर्तें भी आड़े आ रही हैं। शहर के विस्तार के साथ आवासीय जमीन पर आजीविका के लिए बनी दुकानें और छोटे बाजार भी इन शर्तों के दायरे में आ रहे हैं। ऐसे में लीजधारकों के सामने नई व्यवस्था अपनाने की चुनौती है।