मुंगेर वानिकी कॉलेज के छात्रों को 25 हजार मानदेय! वन विभाग में मिलेगी इंटर्नशिप, BAU के VC ने दी बस और एंबुलेंस
Munger Forestry College Internship BAU VC: मुंगेर वानिकी कॉलेज के छात्रों को अब बिहार वन विभाग में इंटर्नशिप का सीधा ...और पढ़ें

Munger Forestry College Internship BAU VC: मुंगेर वानिकी कॉलेज के छात्रों को वन विभाग में इंटर्नशिप
HighLights
वानिकी छात्रों को बिहार वन विभाग में इंटर्नशिप का अवसर।
इंटर्नशिप के दौरान 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।
कॉलेज को नई बस, एंबुलेंस और शैक्षणिक वाहन मिले।
संवाद सूत्र, मुंगेर। Munger Forestry College Internship BAU VC: बिहार वानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान संस्थान, मुंगेर के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा और करियर के दृष्टिकोण से बड़ी व उत्साहजनक खबर सामने आई है। वानिकी (फॉरेस्ट्री) विषय में अपनी डिग्री पूरी करने वाले विद्यार्थियों को अब बिहार सरकार के वन विभाग में व्यावहारिक कार्य अनुभव (इंटर्नशिप) प्राप्त करने का सीधा अवसर मिलेगा।
इतना ही नहीं, इंटर्नशिप की अवधि के दौरान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय भी दिया जाएगा। सोमवार को बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर के कुलपति डॉ. डीआर सिंह ने मुंगेर स्थित वानिकी महाविद्यालय का सघन निरीक्षण किया और छात्र-छात्राओं के साथ सीधे संवाद के दौरान यह महत्वपूर्ण घोषणा की।
कुलपति ने कहा कि वानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भविष्य में रोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। वन विभाग में इंटर्नशिप करने से विद्यार्थियों का न केवल किताबी ज्ञान धरातलीय अनुभवों से समृद्ध होगा, बल्कि उनकी कार्यदक्षता बढ़ेगी और उन्हें वन सेवा तथा अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक प्रशासन डॉ. राजेश कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अत्याधुनिक शैक्षणिक व शोध सुविधाओं का लिया जायजा
महाविद्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान कुलपति ने संस्थान में स्थापित स्मार्ट क्लासरूम, उन्नत एआरआईएस (ARIS) कंप्यूटर कक्ष, मृदा विज्ञान प्रयोगशाला (सॉइल साइंस लैब), विशाल सम्मेलन कक्ष, परीक्षा नियंत्रण भवन और केंद्रीय पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।
उन्होंने विद्यार्थियों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए परिसर में विकसित अत्याधुनिक व्यायामशाला (जिम) और स्वच्छ कैंटीन की व्यवस्थाओं की मुक्तकंठ से सराहना की। कुलपति ने प्राध्यापकों व वैज्ञानिकों से संवाद करते हुए आधुनिक वानिकी, क्लाइमेट चेंज और नवाचार (इनोवेशन) पर केंद्रित नए शोध प्रोजेक्ट तैयार करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक वानिकी शिक्षा की गुणवत्ता के लिए मजबूत आधारभूत ढांचा और तकनीक पहली प्राथमिकता है। उन्होंने महाविद्यालय में बेहतर विकास कार्यों के लिए अधिष्ठाता डॉ. अनिल कुमार पासवान के नेतृत्व और प्रयासों की प्रशंसा की।
नई बस, एंबुलेंस और शैक्षणिक भ्रमण वाहन को दिखाई हरी झंडी
निरीक्षण कार्यक्रम के अंतिम चरण में कुलपति डॉ. डीआर सिंह ने महाविद्यालय के बेड़े में शामिल किए गए तीन नए वाहनों—कॉलेज बस, एंबुलेंस और शैक्षणिक भ्रमण वाहन—को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया।
कॉलेज बस के संचालन से जहां दूरदराज से आने वाले छात्र-छात्राओं का दैनिक आवागमन सुलभ होगा, वहीं एंबुलेंस के आने से परिसर में चौबीसों घंटे आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही विशेष शैक्षणिक भ्रमण वाहन के माध्यम से वानिकी के शोधार्थियों और विद्यार्थियों को सुदूर वन क्षेत्रों, वाल्मीकि नगर जैसे राष्ट्रीय उद्यानों और वन्यजीव अभयारण्यों में जाकर व्यावहारिक व वानस्पतिक अध्ययन करने में व्यापक मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।