जापानी, जर्मन और कोरियन सीखकर रोजगार पाएंगे युवा; मुंगेर महिला ITI में शुरू हुई विदेशी भाषाओं की ट्रेनिंग
मुंगेर महिला आईटीआई में बिहार कौशल विकास मिशन के तहत विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है।

एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।
HighLights
मुंगेर में विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ।
युवाओं को देश-विदेश में रोजगार के लिए तैयार करना उद्देश्य।
अंग्रेजी, जापानी, जर्मन सहित छह भाषाएं सिखाई जाएंगी।
संवाद सूत्र, मुंगेर। रोजगार की तलाश में विदेशी भाषा का ज्ञान युवाओं के लिए नई ताकत बन सकता है। विदेश में नौकरी, बहुराष्ट्रीय कंपनियों और तकनीकी क्षेत्र में अवसरों के लिए भाषा की समझ की बढ़ती जरूरत को देखते हुए बिहार कौशल विकास मिशन की पहल पर मुंगेर महिला आईटीआई में शनिवार से विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन आदित्य याग्निक, पूजा सोलंकी, काव्या, प्राचार्य पवन कुमार और आकृति कुमारी की मौजूदगी में हुआ।
महिला आईटीआई के अदितेश कुमार और जयंत कुमार भी उपस्थित थे। महिला और पुरुष आईटीआई के विद्यार्थियों को कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
देश-विदेश में रोजगार के लिए तैयार करना उद्देश्य
प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को विदेशी भाषाओं में दक्ष बनाकर रोजगार के लिए तैयार करना और देश-विदेश में काम के नए विकल्प उपलब्ध कराना है। इसके लिए आईटीआई में पढ़ना अनिवार्य नहीं है।
दसवीं पास युवा, दूसरे संस्थानों के विद्यार्थी और पढ़ाई छोड़ चुके युवा भी नामांकन लेकर पढ़ाई या काम के साथ प्रशिक्षण पूरा कर सकेंगे। कार्यक्रम में अंग्रेजी, जापानी, जर्मन, स्पेनिश, कोरियन और फ्रेंच भाषा सिखाई जाएगी।
छह बैचों में प्रत्येक में 30 विद्यार्थी होंगे। कुल 180 युवाओं को प्रशिक्षण देने की योजना है। 360 घंटे का पाठ्यक्रम नौ महीने चलेगा। सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन दो घंटे कक्षा होगी।
इसमें बोलना, पढ़ना, लिखना और सुनना भाषा के चारों कौशल सिखाए जाएंगे। नामांकन आनलाइन होगा और कक्षाएं शुरू होने की संभावित तिथि 15 दिसंबर है।
यह भी पढ़ें- प्यार साबित करने को आंखों में डलवाया दूध, फिर भागा प्रेमी, मुंगेर के बबुआ घाट पर महिला ने गंगा में लगाई छलांग