मुंगेर में किसानों ने सीखी कम लागत में बेहतर उत्पादन की तकनीक, अब कम खर्च में बढ़ेगी उपज और कमाई
मुंगेर के धरहरा में किसानों के लिए वासंतिक महाभियान-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहाँ उन्हें कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने की आधुनिक कृषि तकनीकें सिखाई गईं।

धरहरा प्रखंड कृषि कार्यालय में आयोजित रबी महाभियान-सह-प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित अधिकारी और किसान।
HighLights
धरहरा में किसानों को मिला आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण।
वैज्ञानिकों ने कम लागत में अधिक उपज के तरीके बताए।
किसान सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती सुधारें।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। किसानों को खेती-किसानी की आधुनिक तकनीकों से लैस करने और उन्हें कम लागत में अधिक मुनाफा कमाने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को धरहरा प्रखंड कृषि कार्यालय के सभागार में वासंतिक (रबी) महाभियान-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कृषि पदाधिकारी सुष्मिता ने की। शिविर के दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक तौर-तरीके अपनाने की सलाह दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. मुकेश कुमार और डॉ. विनोद कुमार ने विस्तार से जानकारी देते हुए
किसानों को गेहूं, विभिन्न दलहनी और तिलहनी फसलों की वैज्ञानिक विधि से खेती करने, उच्च गुणवत्ता वाले उन्नत बीजों के चयन, खेतों में संतुलित उर्वरक (खाद) के उपयोग तथा कीट-व्याधियों से फसलों की उचित देखभाल के बारे में प्रशिक्षित किया। उ
न्होंने बल देकर कहा कि यदि किसान पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक कृषि पद्धतियों को जोड़ लें, तो वे कम लागत में भी बंपर पैदावार हासिल कर सकते हैं।
सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को जागरूक करना और कृषि विभाग की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ धरातल तक पहुँचाना विभाग की प्राथमिकता है।
वहीं, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रश्मि भारती ने किसानों से आह्वान किया कि वे इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों में मिली बहुमूल्य जानकारियों को अपने खेतों में उतारें। आधुनिक तकनीकों को अपनाकर वे अपनी खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बना सकते हैं।
बड़ी संख्या में प्रबुद्ध किसान रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने कृषि वैज्ञानिकों से अपनी समस्याओं पर चर्चा की और समाधान जाने। इस अवसर पर जिला परिषद (जिप) सदस्य इंदुमती देवी, नवीन सिंह, वीरेंद्र कुमार चंद्रवंशी, मनोज राय, रामलखन यादव, सोहन मंडल, पूरण मंडल, उदय यादव, राजकुमार, पप्पू कुमार, वकील साह, नरेश यादव, अविनाश कुमार, पूजा कुमारी और नवल यादव सहित भारी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।
