मुंगेर में जेल से छूटते ही फिर तस्करी में जुटा अविनाश; कासिम बाजार पुलिस ने स्कूटी से 7.5 लीटर शराब के साथ दबोचा
Munger Liquor Smuggling Arrest: मुंगेर पुलिस ने शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वाले एक आदतन तस्कर अविनाश कुमार को 7.5 ...और पढ़ें

Munger Liquor Smuggling Arrest:
HighLights
मुंगेर में आदतन शराब तस्कर अविनाश कुमार गिरफ्तार।
स्कूटी से 7.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस शराब तस्करी नेटवर्क की गहन पड़ताल में जुटी।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger Liquor Smuggling Arrest: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाने वाले आदतन धंधेबाजों के खिलाफ मुंगेर पुलिस ने एक बार फिर कड़ा प्रहार किया है। कासिम बाजार थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नागलोक अरगढ़ा के समीप से एक स्कूटी सवार शराब तस्कर को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपित पहले भी शराब तस्करी के आरोप में जेल की सलाखों के पीछे जा चुका है।
तलाशी के दौरान आरोपित की स्कूटी से कुल 7.5 लीटर विदेशी शराब के टेट्रा पैक बरामद किए गए हैं। आरोपित की पहचान स्थानीय अरगढ़ा रोड निवासी अविनाश कुमार के रूप में हुई है। जेल से छूटने के बाद उसके दोबारा इसी अवैध धंधे में सक्रिय होने से इलाके में चर्चा का माहौल है।
चेकिंग के दौरान स्कूटी से मिला शराब का जखीरा
कासिम बाजार थानाध्यक्ष रुबीकांत कच्छप ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी से शराब की खेप लेकर डिलीवरी देने जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नागलोक अरगढ़ा के समीप नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान तेज गति से आ रहे स्कूटी सवार को जब रुकने का इशारा किया गया, तो उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर स्कूटी से 7.5 लीटर टेट्रा पैक शराब बरामद हुई, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।
नेटवर्क और वाहन मालिक की पड़ताल में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी का निबंधन संख्या BR 08N 6319 है। पुलिस अब परिवहन विभाग के डेटाबेस से वाहन मालिक की शिनाख्त कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि स्कूटी आरोपित की अपनी है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसे शराब की ढुलाई के लिए उपलब्ध कराई थी।
इसके साथ ही पुलिस अविनाश के मोबाइल कॉल डिटेल और संपर्कों की पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह खेप किससे लेकर आया था और शहर में किसे सप्लाई करने जा रहा था। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि आरोपित के आपराधिक इतिहास का पूरा ब्योरा जुटाकर अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी और नेटवर्क के बाकी चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा।
