विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भक्तों के लिए खुला मां का दरबार, मुंगेर-जमालपुर से धरहरा तक गूंजे जयकारे, उमड़ा आस्था का सैलाब

Published: Sun, 18 Oct 2026 11:41 AM (IST)

शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर मुंगेर जिले में दुर्गा प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिरों के पट खुले, जिससे ...और पढ़ें

मुंगेर की बड़ी महारानी शादीपुर की बड़ी दुर्गा सहित जिले भर के पूजा पंडालों में मां के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु।

मुंगेर की बड़ी महारानी शादीपुर की बड़ी दुर्गा सहित जिले भर के पूजा पंडालों में मां के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु।

HighLights

  1. सप्तमी पर मुंगेर में दुर्गा प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा।

  2. मंदिरों के पट खुलने पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़।

  3. सुरक्षा हेतु मजिस्ट्रेट, पुलिस और सीसीटीवी तैनात।

जागरण टीम, मुंगेर। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर वैदिक विधि-विधान के साथ दुर्गा प्रतिमाओं में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होने के बाद जिलेभर के मंदिरों और पूजा पंडालों के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए।

मां के अलौकिक और दिव्य स्वरूप का दर्शन करते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा मंदिर परिसर 'जय मां दुर्गे' के जयकारों से गूंज उठा। इसके साथ ही मुंगेर जिले में दुर्गापूजा मेले की रौनक और उत्साह अपने चरम पर पहुँच गई है।

mungwe durga puja 2026 (8)

मुंगेर शहर से लेकर जमालपुर, बरियारपुर, धरहरा, हवेली खड़गपुर, टेटिया बंबर, तारापुर, असरगंज और संग्रामपुर तक चहुंओर भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल देखा जा रहा है।

mungwe durga puja 2026 (4)

नगर की प्रसिद्ध बड़ी दुर्गा मंदिर का पट खुलते ही मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ पहुँचे। कड़े भीड़ प्रबंधन के बीच श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर अनुशासित तरीके से दर्शन और पूजन किया।

mungwe durga puja 2026 (5)

शादीपुर की छोटी दुर्गा महारानी, बड़ी काली, छोटी काली, बेकापुर बेलपत्ता स्टेट, आजाद दुर्गा मंदिर, बाटा चौक, पूरबसराय, ब्रह्मस्थान, मंगल बाजार, दलहट्टा, वासुदेवपुर, लालदरवाजा, बेलन बाजार, बेटवन बाजार, कल्लूबाड़ा, चंदनबाग, कासिम बाजार, मकसुसपुर, पुरानीगंज और संदलपुर सहित विभिन्न पूजा पंडालों में देर रात तक भक्तों के आने-जाने का सिलसिला अनवरत जारी रहा।

जमालपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब

रेलनगरी जमालपुर में दुर्गापूजा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा। मंदिरों के पट खुलते ही भक्त दर्शन के लिए पहुँचने लगे।

mungwe durga puja 2026 (3)

बड़ी दुर्गा के रूप में स्थापित महामाया दुर्गा मंदिर, मारवाड़ी दुर्गा मंदिर, बरोबारी तल्ला, ईस्ट कॉलोनी, मुगड़ौरा और नयागांव सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शारदीय काली पूजा मंदिरों में भी भक्तों की आवाजाही बढ़ गई।

mungwe durga puja 2026 (2)

वहीं, रामनगर पंचायत के सफियाबाद की प्राचीन दुर्गा प्रतिमा के साथ-साथ आदमपुर, डकरा, सतखजुरिया, सिंघिया और परहम सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी लोगों ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

mungwe durga puja 2026 (1)

धरहरा के मंदिरों में उमड़े भक्त

धरहरा प्रखंड के विभिन्न दुर्गा मंदिरों के पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वैष्णो देवी दुर्गा मंदिर घटवारी, गोविंदपुर, धरहरा, भलार, इटवा, माताडीह और लड़ैयाटांड़ स्थित मंदिरों में भक्तों ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा-अर्चना के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। दुर्गापूजा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

mungwe durga puja 2026 (7)

18 स्थानों पर मजिस्ट्रेट, 10 पर ड्रॉप गेट

भीड़ को नियंत्रित करने और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर मार्ग और आसपास के 18 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) के साथ सशस्त्र पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की आवाजाही को अनुशासित और व्यवस्थित करने के लिए शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों सहित करीब 10 स्थानों पर ड्रॉप गेट का निर्माण किया गया है।

mungwe durga puja 2026 (6)

मुख्य मंदिर परिसर के ठीक पास श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दो स्तरों पर मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके लिए पृथक कतार और महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है।

सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से  निगरानी

सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए पूरे मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों तथा वीडियो रिकॉर्डिंग के माध्यम से चौबीसों घंटे की जा रही है। कंट्रोल रूम से हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

mungwe durga puja 2026 (9)

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा तय किए गए निर्धारित रास्तों (रूट चार्ट) का पालन करें, दर्शन के दौरान धैर्य बनाए रखें और कर्तव्य पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें, ताकि पूजा-अर्चना के इस पावन पर्व को सुरक्षित और भक्तिमय माहौल में संपन्न कराया जा सके।

यह भी पढ़ें- मुंगेर के कल्याणपुर में 4 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव, साहेबगंज-दानापुर, कविगुरु और गया-हावड़ा का शेड्यूल जारी

यह भी पढ़ें- जमालपुर-भागलपुर रूट पर दौड़ेगी तीसरी रेल लाइन, 155 एकड़ जमीन होगी अधिगृहीत, मुंगेर DM ने मोटर ट्रॉली से परखी जमीन