जमालपुर-भागलपुर रूट पर दौड़ेगी तीसरी रेल लाइन, 155 एकड़ जमीन होगी अधिगृहीत, मुंगेर DM ने मोटर ट्रॉली से परखी जमीन
Jamalpur Bhagalpur Third Rail Line: जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर तीसरी रेल लाइन के निर्माण की कवायद तेज हो गई है, जिसके ...और पढ़ें
-1791984279526_m.webp)
Jamalpur Bhagalpur Third Rail Line: रेल लाइन की भूमि का निरीक्षण करते डीएम और रेलवे अधिकारी।
HighLights
जमालपुर-भागलपुर तीसरी रेल लाइन निर्माण की कवायद तेज।
डीएम मुंगेर ने मोटर ट्रॉली से भूमि का निरीक्षण किया।
परियोजना के लिए 155 एकड़ भूमि का अधिग्रहण होगा।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। Jamalpur Bhagalpur Third Rail Line:जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर ट्रेनों के लगातार बढ़ते दबाव को कम करने और परिचालन क्षमता को सुदृढ़ करने की दिशा में तीसरी रेल लाइन के निर्माण की प्रशासनिक एवं तकनीकी कवायद काफी तेज हो गई है। परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए अब भूमि अधिग्रहण सबसे अहम कड़ी बन गया है।
इसी सिलसिले में बुधवार को जमालपुर और सुल्तानगंज स्टेशनों के बीच डाउन लाइन पर करीब दो घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लेकर प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन के लिए चिह्नित जमीन का रेलवे मोटर ट्रॉली से सघन निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों की उच्चस्तरीय टीम ने जमालपुर से खड़ियापीपरा हाल्ट तक पहुंचकर भूमि की वास्तविक स्थिति और भौगोलिक ढाँचे का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण दल में मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर, डीडीसी अजीत कुमार, डीसीएलआर, जिला भूमि अर्जन पदाधिकारी, जिला अवर निबंधक तथा मालदा मंडल के उप मुख्य अभियंता (निर्माण-2, भागलपुर) गोपाल कुमार पाठक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
अधिकारियों ने प्रस्तावित ट्रैक के लिए चिह्नित जमीन का अवलोकन किया और अधिग्रहण से जुड़े तमाम विधिक व प्रशासनिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस महात्वाकांक्षी परियोजना के लिए मुंगेर जिले की सीमा में करीब 60.32 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जबकि पूरे जमालपुर-भागलपुर रेलखंड के लिए कुल 155.5984 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। भूमि अधिग्रहण की योजना संबंधित विभाग को भेजी जा चुकी है।
मौजूदा लाइन के दक्षिण दिशा में बिछेगी नई पटरियां
प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन मौजूदा मुख्य रेल लाइन के दक्षिण दिशा में बनाई जाएगी। इसके लिए वर्तमान ट्रैक के सेंटर से लगभग 6.1 मीटर की दूरी निर्धारित की गई है। रेलवे बोर्ड ने इस पूरी परियोजना को विशेष परियोजना (Special Project) के रूप में अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिससे इसके निर्माण और भूमि अधिग्रहण में तेजी आएगी।
बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार और परिचालन क्षमता होगी मजबूत
मालदा मंडल के उप मुख्य अभियंता निर्माण-2 भागलपुर गोपाल कुमार पाठक ने बताया कि भूमि अधिग्रहण की तैयारी के लिए रेलवे की ओर से 'राइट्स' के सहयोग से सर्वे कराया गया है।
इसके साथ ही परियोजना से जुड़े तकनीकी और पर्यावरणीय पहलुओं की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अतिरिक्त ट्रैक उपलब्ध होने से इस व्यस्त रेलखंड पर मालगाड़ियों और पैसेंजर ट्रेनों की क्रॉसिंग की समस्या हल होगी और रेल परिचालन अधिक सुचारु बनेगा।
नए साल में युद्धस्तर पर शुरू हो सकेगा निर्माण कार्य
अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि भूमि अधिग्रहण की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होते ही नए साल में निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया जाएगा। इससे भविष्य में बढ़ने वाले रेल यातायात के दबाव को आसानी से नियंत्रित किया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान जमालपुर के स्टेशन प्रबंधक दीपक कुमार और भागलपुर के एसएसई नीतीश कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
"तीसरी रेल लाइन परियोजना के लिए मुंगेर जिले में करीब 60.32 एकड़ और पूरे रेलखंड के लिए 155.5984 एकड़ जमीन की आवश्यकता है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए योजना संबंधित विभाग को भेजी जा चुकी है। इसके पूरा होते ही निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।"
