मुंगेर के धरहरा टाल में रबी खेती तेज, ऊपरी खेतों में गेहूं की बुआई शुरू, निचले क्षेत्रों में जलजमाव से देरी
Munger Rabi Farming:मुंगेर के धरहरा टाल क्षेत्र में नवंबर में रबी की खेती शुरू हो गई है, जहां ऊपरी इलाकों ...और पढ़ें

धरहरा के टाल क्षेत्र में खेतों की ट्रैक्टर से जुताई करते किसान. जागरण
HighLights
नवंबर में धरहरा टाल में रबी की खेती शुरू हुई।
ऊपरी इलाकों में गेहूं की बुआई तेजी से चल रही है।
निचले क्षेत्रों में जलजमाव से बुआई में देरी हो रही है।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। Munger Rabi Farming: नवंबर का महीना रबी की खेती के लिए काफी उपयुक्त माना जाता है, और इसी के साथ मुंगेर जिले के धरहरा टाल क्षेत्र में भी खेती-किसानी का कार्य शुरू हो गया है। हालांकि इस बार बाढ़ के पानी ने किसानों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
टाल क्षेत्र के ऊपरी इलाकों से पानी निकलने के बाद किसानों ने गेहूं की बुआई का काम शुरू कर दिया है, लेकिन निचले इलाकों में अभी भी जलजमाव और दलदल की स्थिति बनी हुई है, जिससे वहां खेती का कार्य फिलहाल रुका हुआ है।
ऊपरी इलाकों में बुआई तेज, निचले हिस्से में अब भी जलजमाव
धरहरा प्रखंड का एक बहुत बड़ा भूभाग रबी फसल की खेती के लिए जाना जाता है, जहां बड़े पैमाने पर गेहूं, चना, अरहर, मसूर और सरसों जैसी दलहन व तिलहन फसलों का उत्पादन होता है। वर्तमान स्थिति यह है कि जिन खेतों से पानी निकल चुका है, वहां किसान ट्रैक्टर और खाद-बीज लेकर पहुंच रहे हैं। छर्रापट्टी, बड़ी लगमा, हेमजापुर और दुर्गापुर जैसे ऊपरी इलाकों में गेहूं की बुआई शुरू हो चुकी है।
स्थानीय किसान रमेश कुमार, कैलाश यादव, पंकज कुमार, प्रकाश महतो और प्रवीण महतो ने बताया कि इस वर्ष बाढ़ के पानी के कारण खेतों में नमी और कीचड़ अधिक है, जिसके चलते चना, सरसों और मसूर की बुआई में अभी काफी वक्त लगने वाला है। विभागीय स्तर पर भले ही अभी कोई औपचारिक लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया हो, लेकिन किसानों ने अपनी तरफ से छिटपुट खेती शुरू कर दी है।
किसानों का कहना है कि खाद और बीज के दामों में भारी वृद्धि हो चुकी है, जिससे लागत बढ़ गई है। इसके बावजूद उनके पास खेती के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। क्षेत्र में सिंचाई और बिजली की व्यवस्था होने के बावजूद उत्पादन में कमी की आशंका से किसानों में चिंता देखी जा रही है।
वैज्ञानिक विधि और फसल चक्र अपनाने पर जोर
किसानों की समस्याओं और कृषि सुधार को लेकर कृषि विज्ञानी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि लगातार एक ही फसल के उत्पादन से मिट्टी की उर्वरा शक्ति धीरे-धीरे कमजोर पड़ती है। ऐसे में किसानों को फसल चक्र (Crop Rotation) और वैज्ञानिक विधियों का पालन करना चाहिए, जिससे पैदावार बेहतर हो सके।
उन्होंने बताया कि दिसंबर माह तक गेहूं की बोआई का कार्य चलेगा, और जैसे-जैसे निचले खेतों से पानी निकलता जाएगा, वहां भी रबी फसलों की बुआई की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
सरकार की ओर से भी किसानों को समय-समय पर अनुदान और सहायता प्रदान की जाती है। बहरहाल, तमाम अड़चनों के बीच धरहरा में अन्नदाताओं ने एक बार फिर खेतों की ओर कदम बढ़ा दिए हैं।
यह भी पढ़ें- मुंगेर: छठ की खरीदारी करने आए सेना के जवान को दबंगों ने पहले बेरहमी से पीटा, फिर खौलते तेल की कड़ाही में धकेला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।