विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विकास के नए पथ पर मुंगेर: मरीन ड्राइव, सड़क, रेल, उद्योग और पर्यटन की 18 योजनाओं के लिए सैकड़ों एकड़ जमीन चिह्नित

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:11 PM (IST)

Munger Development Projects : मुंगेर में सड़क, रेल, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी 18 विकास परियोजनाओं की तैयारी तेज हो गई है। इन योजनाओं के लिए सैकड़ों एकड़ जमीन चिह्नित की गई है, जिससे जिले की तस्वीर बदलने और नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

Munger Development Projects : मुंगेर में 18 बड़ी परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर

Munger Development Projects : मुंगेर में 18 बड़ी परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर

HighLights

  1. 18 विकास परियोजनाएं मुंगेर की प्रगति को देंगी नई दिशा।

  2. सड़क, रेल, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन में होगा बड़ा बदलाव।

  3. सैकड़ों एकड़ जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया में, भविष्य उज्ज्वल।

संवाद सूत्र, मुंगेर। Munger Development Projects : मुंगेर की विकास यात्रा को नई रफ्तार देने की तैयारी तेज हो गई है। सड़क, रेल, उद्योग, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी 18 महत्वपूर्ण परियोजनाएं जिले की तस्वीर बदलने का मजबूत आधार बनेंगी। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा, बल्कि उद्योगों के लिए नए अवसर, शिक्षा के बेहतर संसाधन और पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

इन परियोजनाओं के लिए जिले भर में सैकड़ों एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। जिला भू-अर्जन कार्यालय के प्रतिवेदन के अनुसार, कहीं जमीन अधिग्रहण की अधिसूचना जारी हो चुकी है तो कहीं मुआवजा भुगतान और जमीन हस्तांतरण की कार्रवाई चल रही है।

फोरलेन और औद्योगिक क्षेत्र से खुलेंगे प्रगति के द्वार

मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड फोरलेन परियोजना के लिए 10 राजस्व गांवों में 316.28 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। इस परियोजना के लिए 565.72 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं और कुल 1406 पंचाटियों में अब तक 54 को मुआवजा दिया जा चुका है। वहीं, मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन परियोजना में 36 राजस्व गांवों की 481.85 एकड़ जमीन अधिग्रहण के दायरे में है, जिसमें से 416.99 एकड़ जमीन का दखल-कब्जा संबंधित विभाग को सौंपा जा चुका है। कुल 2216 पंचाटियों में 1916 को मुआवजा मिल चुका है।

औद्योगिक विकास के लिहाज से असरगंज में बड़ी योजना प्रस्तावित है। यहां सात राजस्व गांवों की 466.49 एकड़ जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की तैयारी है, जिसकी प्रारंभिक अधिसूचना प्रकाशित हो चुकी है। इससे जिले में उद्योगों की स्थापना और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

शिक्षा को मिलेगी अपनी जमीन, धार्मिक पर्यटन का होगा विस्तार

शिक्षा के क्षेत्र में मुंगेर विश्वविद्यालय परिसर के लिए 19.98 एकड़ और असरगंज डिग्री कॉलेज के लिए 5.52 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है, जिससे उच्च शिक्षा के लिए आधारभूत संरचना विकसित करने का रास्ता खुलेगा। पर्यटन के क्षेत्र में तारापुर के प्रसिद्ध तिलडीहा मंदिर को विकसित करने की तैयारी है। मंदिर के आसपास धोबई और सोनडीहा गांवों की 15.44 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा उच्चेश्वर नाथ धाम देवधरा और अजगैबीनाथ धाम से जुड़ी योजनाएं भी विकास की सूची में शामिल हैं, जिनसे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

तीसरी रेल लाइन, गंगा पथ और 4000 करोड़ के मरीन ड्राइव से मजबूत होगा संपर्क

जिले में रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए भागलपुर-जमालपुर तीसरी रेल लाइन परियोजना भी शामिल है, जिसके लिए 15 राजस्व गांवों में 15.99 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। वहीं, सड़क संपर्क मजबूत करने के लिए रणगांव-भगलपुरा परियोजना में नौ गांवों की 37.91 एकड़ और वंशीपुर-बिहमा सड़क परियोजना में सात गांवों की 29.20 एकड़ जमीन अधिग्रहण के दायरे में है।

इसके अलावा एनएच-333 (बी) से बिहार योग विश्वविद्यालय तक रिंग रोड की योजना भी प्रस्तावित है। गंगा पथ परियोजना में 44 राजस्व गांव शामिल हैं और जिले में मरीन ड्राइव परियोजना पर चार हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का प्रस्ताव है। इससे गंगा किनारे के इलाकों में आवागमन और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।

सिंचाई योजनाओं से किसानों को लाभ

किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सिंधवारणी जलाशय योजना में दो गांवों की 18.02 एकड़ और बदुआ पाइपलाइन परियोजना में तीन गांवों की 60.13 एकड़ जमीन शामिल है। इसके अतिरिक्त न्यायिक पदाधिकारियों के आवास और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं के लिए भी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है।

समयबद्ध क्रियान्वयन पर टिकी निगाहें

जिला भू-अर्जन कार्यालय के प्रतिवेदन में कहीं अधिसूचना तो कहीं सर्वेक्षण, मापी, मुआवजा भुगतान और जमीन हस्तांतरण की कार्रवाई दर्ज है। ये 18 परियोजनाएं मुंगेर के विकास का बड़ा खाका तो खींचती हैं, लेकिन इनकी असली रफ्तार जमीन पर काम शुरू होने और समयबद्ध तरीके से पूरा होने से ही तय होगी।

यह भी पढ़ें- Munger में कृषि यांत्रीकरण मेले का आगाज: 40 से 80% तक मिल रही सब्सिडी, आधुनिक खेती की ओर बढ़ रहे किसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।