विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इलाज की आस में पहुंचे मरीज, लेकिन केंद्र पर ताला, मुंगेर के बंगलवा केंद्र में सुबह 10:45 बजे स्वास्थ्य सेवा ठप

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:08 PM (GMT+05:30)

dharhara Health Wellness Center Locked Staff Absent मुंगेर के धरहरा प्रखंड स्थित बंगलवा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बुधवार को बंद मिला, जिससे इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को बिना उपचार लौटना पड़ा। सुबह 10:45 बजे भी केंद्र पर ताला लटका था और कोई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे सरकारी स्वास्थ्य दावों पर सवाल उठे।

10:45 तक बंद हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर बंगलवा. जागरण

10:45 तक बंद हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर बंगलवा. जागरण

HighLights

  1. बंगलवा हेल्थ सेंटर सुबह 10:45 बजे बंद मिला।

  2. मरीज इलाज के लिए बाहर इंतजार करते रहे।

  3. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने जांच के आदेश दिए।

संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। dharhara Health Wellness Center Locked Staff Absent: ग्रामीण इलाकों में लोगों को घर के पास ही बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के सरकारी दावे धरहरा प्रखंड के बंगलवा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर बुधवार को पूरी तरह बेअसर नजर आए। दैनिक जागरण की पड़ताल के दौरान सुबह 10:45 बजे इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य दरवाजे पर ताला लटका मिला।

मरीज बाहर बैठकर स्वास्थ्यकर्मियों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन न तो उन्हें प्राथमिक उपचार मिला और न ही वहां कोई जवाब देने वाला मौजूद था। निर्धारित कार्य अवधि में केंद्र पर एक भी स्वास्थ्यकर्मी की उपस्थिति नहीं थी।

गांव में ही प्राथमिक उपचार मुहैया कराने के उद्देश्य से संचालित यह केंद्र जरूरत के वक्त बंद रहने से मरीजों के सामने बिना इलाज लौटने या दूर के अस्पतालों का रुख करने की मजबूरी खड़ी हो गई।

ग्रामीण क्षेत्रों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आम लोगों के लिए चिकित्सा परामर्श और नियमित स्वास्थ्य सेवाओं का पहला सहारा होते हैं, ऐसे में केंद्र पर ताला लटका मिलना कर्मियों की कार्यशैली और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

दर्द से कराहते रहे घायल मरीज, बाहर बैठकर किया इंतजार

  • वासुदेव मांझी (निवासी, बंगलवा): "पैर जल जाने के कारण घाव हो गया था। उसी घाव को दिखाने और इलाज कराने के लिए बंगलवा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आए थे, लेकिन यहां ताला लगा हुआ है। काफी देर से इंतजार कर रहे हैं, मगर कोई स्वास्थ्यकर्मी नहीं आया। दर्द और परेशानी के बावजूद इलाज नहीं मिल पा रहा है। अब समझ नहीं आ रहा कि इलाज के लिए कहां जाएं।"

  • मिथिलेश यादव (निवासी, बंगलवा): "चेहरे पर चोट लगने के कारण घायल हो गए थे। चोट की वजह से काफी दर्द हो रहा था, इसलिए इलाज कराने और घाव दिखाने के लिए सुबह करीब 10 बजे केंद्र पहुंचे थे, लेकिन ताला लगा हुआ था। दर्द से परेशान थे, फिर भी इलाज के लिए स्वास्थ्यकर्मी का इंतजार करना पड़ा और मजबूरी में काफी देर तक बाहर बैठे रहे।"

  • तीन कर्मियों की थी ड्यूटी, जांच के निर्देश

    इस मामले को लेकर जब धरहरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अविनाश कुमार से संपर्क किया गया, तो उन्होंने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा:

    "बंगलवा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में बुधवार को तीन कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित थी। केंद्र बंद रहने के मामले की जांच की जाएगी और संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जांच में लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।"

    यह भी पढ़ें- दो महीने पहले बने थे दारोगा, बीमारी में नहीं मिली छुट्टी: मौत के बाद पत्नी के आरोपों पर मुंगेर एसपी ने बैठाई जांच

     


    देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।