मुंगेर में खुलेगा रोजगार का पिटारा; असरगंज में 466 एकड़ पर बनेगा औद्योगिक पार्क, 125 करोड़ से 3 माह में होगा भूअर्जन
Munger Industrial Park Asarganj Land Acquisition: मुंगेर जिले में 466 एकड़ में असरगंज और 50 एकड़ में संग्रामपुर औद्योगिक पार्क ...और पढ़ें

Munger Industrial Park Asarganj Land Acquisition: मुंगेर जिले में औद्योगिक विकास और भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया का जायजा लेते अधिकारी। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
असरगंज में 466 एकड़ पर आधुनिक औद्योगिक पार्क का निर्माण।
भूमि अधिग्रहण हेतु 124.62 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति।
स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। Munger Industrial Park Asarganj Land Acquisition: मुंगेर जिले के औद्योगिक परिदृश्य और आर्थिक विकास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। संग्रामपुर प्रखंड में 50 एकड़ में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के साथ-साथ अब असरगंज प्रखंड में 466 एकड़ के विशाल भूखंड पर आधुनिक औद्योगिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। बिहार सरकार ने असरगंज में 466 एकड़ रैयती भूमि के अधिग्रहण के लिए 124.62 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
राशि की मंजूरी मिलने के साथ ही जिला प्रशासन ने असरगंज में औद्योगिक पार्क के लिए भूअर्जन की वैधानिक प्रक्रिया पूरी गति से शुरू कर दी है। जिला भूअर्जन कार्यालय ने इस पूरी प्रक्रिया को पूर्ण करने के लिए तीन माह की समय सीमा निर्धारित की है। जिला भूअर्जन पदाधिकारी ने दावा किया है कि तय समयावधि के भीतर पारदर्शी तरीके से अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
भूअर्जन का कार्य संपन्न होते ही उद्योग विभाग के दो प्रमुख प्राधिकार—बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (आईडीए)—संयुक्त रूप से संग्रामपुर और असरगंज को औद्योगिक पार्क के रूप में विकसित करेंगे। इस पार्क में विनिर्माण और अन्य इकाइयां स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों को उद्योग विभाग की नीति के अनुसार रियायती दर पर जमीन के साथ आकर्षक अनुदान (सब्सिडी) भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार मिल सकेगा।
असरगंज के इन मौजा में हो रहा भूमि का अधिग्रहण
जिला भूअर्जन पदाधिकारी के अनुसार, औद्योगिक पार्क के निर्माण के लिए असरगंज अंचल अंतर्गत विभिन्न मौजा के रैयतों की जमीन अधिग्रहित की जानी है।
असरगंज औद्योगिक पार्क व भूअर्जन: एक नजर में
परियोजना स्थल: असरगंज प्रखंड (संग्रामपुर के 50 एकड़ के अतिरिक्त)
अधिग्रहण योग्य कुल भूमि: 466 एकड़ (रैयती जमीन)
स्वीकृत राशि: 124.62 करोड़ रुपये (बिहार सरकार द्वारा)
भूअर्जन की समय सीमा: 03 माह (प्रक्रिया: धारा 11-1 शुरू)
विकास एजेंसी: बियाडा (BIADA) और आईडीए (IDA) संयुक्त रूप से
प्रमुख मौजा व रकबा:
बेराई मौजा: 190.09 एकड़
धूरिया अराजी मौजा: 81.18 एकड़
बदरखा मौजा: 30.39 एकड़
असरगंज अंचल मौजा: 24.99 एकड़
जोरारी मौजा: 18.66 एकड़
खरभतुआ मौजा: 6.01 एकड़
इन सभी मौजा की भूमि अधिग्रहण के लिए भूअर्जन कार्यालय द्वारा प्रारंभिक अधिसूचना यानी धारा 11(1) की प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ कर दी गई है।
संग्रामपुर में बियाडा की अपनी जमीन
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि संग्रामपुर प्रखंड में औद्योगिक पार्क निर्माण के लिए बियाडा के पास पहले से 50 एकड़ सरकारी जमीन उपलब्ध है, इसलिए वहां अलग से निजी भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं है। संग्रामपुर में बियाडा और आईडीए सीधे विकास कार्य शुरू करेंगे।
असरगंज में अधिग्रहण के बाद लगेंगे उद्योग
वहीं असरगंज में रैयती जमीन होने के कारण तीन माह में भूअर्जन की औपचारिकताएं पूरी होते ही जमीन उद्योग विभाग को सौंप दी जाएगी। इसके बाद दोनों प्रखंडों में कल-कारखाने स्थापित होंगे, जिससे मुंगेर और आसपास के प्रमंडलीय जिलों में व्यापारिक गतिविधियों को नई ऊंचाई मिलेगी।
"जिले के संग्रामपुर और असरगंज प्रखंड में औद्योगिक पार्क का निर्माण किया जाना है। असरगंज में 466 एकड़ रैयती जमीन में औद्योगिक पार्क निर्माण के लिए भूअर्जन की प्रक्रिया युद्धस्तर पर जारी है। इसके पूर्ण होते ही बियाडा और आईडीए मिलकर उद्योगों का विस्तार करेंगे और उद्यमियों को सुविधाएं मुहैया कराएंगे।"
— ऋषि पराशर, जिला उद्योग महाप्रबंधक, मुंगेर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।