विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंगेर में 15 हजार लेकर भी छात्राओं को न बेड, न पानी, एएनएम-जीएनएम का हंगामा, जांच के घेरे में हॉस्टल व्यवस्था

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:15 PM (IST)

मुंगेर में एएनएम-जीएनएम छात्राओं ने हॉस्टल की बदहाली, जैसे बेड, पानी और सुरक्षा की कमी के खिलाफ हंगामा किया। छात्राओं से 15 हजार रुपये लेने के बावजूद सुविधाओं का अभाव है, जिस पर सिविल सर्जन ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

विरोध कर हंगामा करतीं छात्राएं और अभिभावक. जागरण

विरोध कर हंगामा करतीं छात्राएं और अभिभावक. जागरण 

HighLights

  1. हॉस्टल में बेड, पानी, साफ-सफाई और सुरक्षा की भारी कमी।

  2. छात्राओं से 15 हजार रुपये लेकर भी मूलभूत सुविधाएँ नदारद।

  3. सिविल सर्जन ने हॉस्टल की बदहाली पर जांच का आश्वासन दिया।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। प्रतियोगी परीक्षा उत्तीर्ण कर नर्स बनने का सपना लेकर पहुंचीं छात्राओं के उत्साह पर हॉस्टल की बदहाली ने पहले ही दिन पानी फेर दिया। तीन साल तक सुरक्षित माहौल में रहकर प्रशिक्षण लेने की उम्मीद से आईं छात्राओं को कमरों में न तो बेड मिला, न साफ-सफाई और न ही सुरक्षा का भरोसा।

कहीं दरवाजे टूटे हैं तो कहीं खिड़कियों के शीशे गायब हैं। बाथरूम की स्थिति भी ठीक नहीं है और पानी के लिए चौथी मंजिल तक बाल्टी ढोने की नौबत बनी हुई है। एक बेड पर तीन से चार छात्राओं को रखने की व्यवस्था किए जाने का आरोप है।

रविवार को करीब 30 छात्राओं ने इस अव्यवस्था के विरोध में स्कूल परिसर में हंगामा किया। छात्राओं के साथ आए अभिभावकों ने भी नाराजगी जताई। छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल में रहने के नाम पर प्रति छात्रा 15 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं और कई छात्राएं यह राशि जमा भी कर चुकी हैं। इसके बावजूद कमरों में रहने लायक व्यवस्था नहीं है।

छात्राओं ने सवाल उठाया कि जब बेड, पानी, शौचालय और साफ-सफाई तक का इंतजाम नहीं है, तो इतनी राशि किस मद में ली जा रही है। नामांकन के समय मिठाई के नाम पर भी प्रत्येक छात्रा से 500 रुपये लेने का आरोप लगाया गया है। छात्राओं के अनुसार, 15 हजार रुपये लेने के बाद भी उन्हें रसीद नहीं दी गई।

टूटे दरवाजे, गायब शीशे और सुरक्षा को लेकर चिंता

हॉस्टल में रहने पहुंचीं छात्राओं के सामने सबसे बड़ी चिंता सुरक्षा को लेकर है। कमरों के दरवाजे टूटे हैं, खिड़कियों के शीशे गायब हैं और बाथरूम भी सुरक्षित नहीं हैं। छात्राओं का कहना है कि बगल में लड़कों का हॉस्टल है, ऐसे में बिना दरवाजे और खिड़की वाले कमरों में वे खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करेंगी।

Munger ANM GNM Hostel Chaos Students Protest Poor Conditions

पानी के लिए नीचे से चौथी मंजिल तक सीढ़ियों से बाल्टी ले जाना भी जोखिम भरा है और यदि कोई छात्रा फिसलकर गिर जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।

जीएनएम स्कूल की प्राचार्य मेरी सोरेन ने बताया कि नवनामांकित छात्राओं से यूनिफार्म और किताब के लिए 15 हजार रुपये लिए गए हैं, जिसकी रसीद वह नहीं दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि हॉस्टल में पानी की समस्या है और सिविल सर्जन ने समरसेबल लगाने की सहमति दे दी है।

टूटे दरवाजे और खिड़कियों की मरम्मत भी कराई जाएगी तथा दो दिन के अवकाश से लौटने के बाद सिविल सर्जन से मिलकर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी। प्राचार्य के अनुसार, पहले से रह रहीं छात्राओं को कोई असुरक्षा महसूस नहीं हुई है।

छात्राओं की जुबानी, बदहाली की कहानी

सुल्तानगंज की आंचल कुमारी और काजल कुमारी ने कहा कि कमरों के दरवाजे और खिड़कियां टूटी हैं तथा बाथरूम की स्थिति भी ठीक नहीं है, ऐसे में तीन साल तक ऐसी असुरक्षित व्यवस्था में कैसे रहेंगी।

बेगूसराय की अन्नू कुमारी ने कहा कि हॉस्टल में चारों तरफ गंदगी है, पर्याप्त पलंग नहीं हैं और एक बेड पर तीन-चार छात्राओं को रखने की बात कही जा रही है। गया की सीतल कुमारी ने बताया कि इतनी दूर से प्रशिक्षण लेने आई हैं और अब यहां की व्यवस्था देखकर समझ नहीं आ रहा कि किससे शिकायत करें। छात्राएं प्राचार्य से मिलने पहुंचीं, लेकिन उनके मौजूद नहीं होने की जानकारी मिली।

गरीब परिवारों की बेटियां, उम्मीदों पर फिरा पानी

छात्राओं का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं और सरकारी संस्थान में कम खर्च पर प्रशिक्षण लेने की उम्मीद से कठिन प्रतियोगी परीक्षा पास की है।

बिहार के अलग-अलग जिलों से यहां पहुंचीं छात्राओं को भरोसा था कि प्रशिक्षण के तीन वर्ष सुरक्षित माहौल में गुजरेंगे, लेकिन पहले ही दिन की स्थिति ने उन्हें निराश कर दिया। छात्राओं और अभिभावकों ने कमरों की मरम्मत, पर्याप्त बेड, स्वच्छ बाथरूम, नियमित पानी और सुरक्षा की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।

सिविल सर्जन ने लिया संज्ञान, कार्रवाई का भरोसा

मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन डॉ. राजू ने कहा कि यह सरासर गलत है। रविवार होने के कारण तत्काल निरीक्षण संभव नहीं है, लेकिन सोमवार को वह स्वयं जीएनएम स्कूल पहुंचकर व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे और जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कोच डिस्प्ले पर लाखों खर्च, फिर भी यात्रियों को बोगी का पता नहीं, धरहरा स्टेशन पर मैनुअल सिस्टम ने खोली सुविधा की पोल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।