50 वर्गमीटर खेत में 41 किलो धान, मुंगेर में किसान की उपलब्धि व उपज के इस बंपर आंकड़े ने कृषि अधिकारियों को भी चौंकाया
Munger Paddy Crop Cutting Experiment : मुंगेर में अगहनी धान की वास्तविक उपज का आकलन करने के लिए फसल कटनी प्रयोग शुरू हुआ है। हवेली खड़गपुर में किसान शेख शाजिल के खेत में 50 वर्ग मीटर से 40.800 किलो धान मिला, जिससे प्रति हेक्टेयर 81.60 क्विंटल उपज का अनुमान है।

Munger Paddy Crop Cutting Experiment : मुंगेर में अगहनी धान की उपज के आकलन के लिए शुरू हुआ फसल कटनी प्रयोग।
HighLights
मुंगेर में अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग शुरू हुआ।
किसान शेख शाजिल के खेत में बंपर उपज मिली।
प्रति हेक्टेयर 81.60 क्विंटल धान का अनुमान।
जागरण संवाददाता, मुंगेर। Munger Paddy Crop Cutting Experiment : जिले में अगहनी धान की वास्तविक उपज का आकलन करने के लिए फसल कटनी प्रयोग शुरू हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को हवेली खड़गपुर प्रखंड की बढ़ौना पंचायत के राजस्व ग्राम बढ़ौना में किसान शेख शाजिल के खेत में फसल कटनी प्रयोग संपन्न किया गया।
बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत आयोजित इस प्रयोग का मौके पर पहुंचकर मुंगेर प्रमंडल के उप निदेशक (सांख्यिकी) शशि कांत प्रकाश ने निरीक्षण किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत खेत में 50 वर्ग मीटर का भूखंड चिह्नित कर धान की कटनी और उपज की तौल कराई गई।
इस भूखंड से हरे धान का कुल वजन 40 किलो 800 ग्राम प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर प्रति हेक्टेयर 81.60 क्विंटल उपज दर का अनुमान लगाया गया है। यह आंकड़ा क्षेत्र में धान की उत्पादकता का आकलन करने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुंगेर में अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग
| बिंदु / श्रेणी | प्रमुख विवरण एवं आंकड़े |
| योजना एवं उद्देश्य | बिहार राज्य फसल सहायता योजना के अंतर्गत जिले में अगहनी धान की उपज एवं उत्पादकता का सटीक आकलन। |
| प्रयोग स्थल व किसान | राजस्व ग्राम बढ़ौना (बढ़ौना पंचायत, हवेली खड़गपुर प्रखंड, मुंगेर); संबंधित किसान: शेख शाजिल। |
| निरीक्षण पदाधिकारी | शशि कांत प्रकाश — उप निदेशक (सांख्यिकी), मुंगेर प्रमंडल। |
| भूखंड व प्राप्त उपज | चिह्नित प्लॉट का आकार: 50 वर्ग मीटर; कटाई के बाद हरे धान का कुल वजन: 40 किलो 800 ग्राम। |
| अनुमानित उपज दर | 81.60 क्विंटल प्रति हेक्टेयर (क्षेत्र में धान की बेहतर उत्पादकता का संकेत)। |
| विभागीय निर्देश | मानक प्रक्रिया (एसओपी) के पूर्ण पालन, केवल मानक उपकरणों के उपयोग तथा आंकड़ों की त्रुटिरहित शुद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश। |
मानक उपकरणों का हो उपयोग, आंकड़ों की शुद्धता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान उप निदेशक शशि कांत प्रकाश ने फसल कटनी प्रयोग में लगे कर्मियों को निर्धारित मानक प्रक्रिया का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रयोग के दौरान केवल मानक उपकरणों का ही उपयोग किया जाए, ताकि उपज के आंकड़ों में किसी भी तरह की त्रुटि की गुंजाइश न रहे। उन्होंने फसल सहायता योजना के क्रियान्वयन के लिए आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
यह भी पढ़ें- बांका में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, आवेदन और जमीन का सत्यापन हुआ अनिवार्य; 1382 किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन