बांका में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीद, आवेदन और जमीन का सत्यापन हुआ अनिवार्य; 1382 किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन
Banka Paddy Procurement 15 November MSP PACS Registration: बांका जिले में 15 नवंबर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की ...और पढ़ें

Banka Paddy Procurement 15 November MSP PACS Registration: बांका में धान की खरीद।
HighLights
बांका में 15 नवंबर से धान की खरीद शुरू होगी।
1382 किसानों ने एमएसपी पर धान बेचने को पंजीकरण कराया।
फर्जीवाड़े रोकने को आवेदन, जमीन का भौतिक सत्यापन अनिवार्य।
संवाद सूत्र, बांका। Banka Paddy Procurement 15 November MSP PACS Registration: बांका जिले में किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने और बिचौलियों के चंगुल से बचाने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की सरकारी खरीद की उलटी गिनती शुरू हो गई है। जिले में आगामी 15 नवंबर से धान की खरीद का कार्य प्रारंभ होगा।
सहकारिता विभाग के पोर्टल पर अब तक कुल 1382 किसानों ने अपनी उपज सरकारी स्तर पर बेचने के लिए ऑनलाइन निबंधन कराया है। इनमें 965 रैयत (स्वयं की भूमि वाले) और 417 गैर-रैयत (बटाईदार) किसान शामिल हैं। खरीद की तारीख नजदीक आते ही सहकारिता विभाग ने आवेदन और सत्यापन की प्रक्रियाओं को युद्धस्तर पर तेज कर दिया है, ताकि समय पर अधिक से अधिक अन्नदाताओं को एमएसपी का लाभ दिलाया जा सके।
पैक्स के लिए 1162 और व्यापार मंडल के लिए 220 किसानों के आवेदन
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, कुल आवेदकों में से 1162 किसानों ने अपनी-अपनी प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) और 220 किसानों ने संबंधित व्यापार मंडलों के माध्यम से धान बेचने की प्राथमिकता दर्ज कराई है।
सहकारिता विभाग का ऑनलाइन पोर्टल निबंधन के लिए लगातार खुला हुआ है। जिला सहकारिता पदाधिकारी (डीसीओ) प्रफुल्ल चंद्र सिन्हा ने सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारियों (बीसीओ) को निर्देश दिया है कि वे पंचायतों और गांवों में विशेष शिविर लगाकर किसानों का पंजीकरण कराएं। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी वास्तविक और पात्र किसान विभागीय औपचारिकताओं के अभाव में सरकारी खरीद से वंचित न रह जाए।
फर्जीवाड़े पर रोक के लिए भूमि का स्थलीय सत्यापन अनिवार्य
सरकारी खरीद व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए इस बार कड़े नियम लागू किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन आवेदन करना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि आवेदन और जमीन का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। बिना जांच रिपोर्ट के किसी भी किसान से एक दाना भी धान नहीं खरीदा जाएगा।
इस महत्वपूर्ण सत्यापन कार्य की जिम्मेदारी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ), किसान सलाहकार और कृषि समन्वयकों की संयुक्त टीम को सौंपी गई है। ये मैदानी कर्मी किसान द्वारा आवेदन में दर्ज खाता, खेसरा, रकबा और वास्तविक खेती से जुड़े ब्योरे का स्थलीय मिलान करेंगे, ताकि किसी भी प्रकार के फर्जीवाड़े या व्यापारियों द्वारा किसानों के नाम पर धान खपाने की कोशिशों को पूरी तरह रोका जा सके।
क्रय केंद्रों पर नमी मापक यंत्र और गोदामों की तैयारी तेज
धान को मौसम की मार से सुरक्षित रखने और व्यवस्थित भंडारण के लिए सभी पैक्स और व्यापार मंडलों के गोदामों की साफ-सफाई और मरम्मत के आदेश दिए गए हैं। पैक्स व व्यापार मंडल अध्यक्षों को खरीद शुरू होने से पहले अपने-अपने भंडारण केंद्रों को तैयार रखने को कहा गया है।
विदित हो कि जिले की करीब दो दर्जन समितियों में अत्याधुनिक नए गोदामों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि अधिकांश समितियों के पास पूर्व से ही गोदाम उपलब्ध हैं। इसके अलावा, खरीद के दौरान धान की गुणवत्ता जांचने के लिए क्रय केंद्रों पर डिजिटल नमी मापक यंत्र (Moisture Meter), तौल मशीन और बोरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
1.12 लाख हेक्टेयर में लहलहाई फसल, कई प्रखंडों में कटाई जारी
जिला कृषि कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस वर्ष बांका जिले में लगभग 1.12 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि में धान की खेती का लक्ष्य हासिल किया गया था। मानसून की समय पर और पर्याप्त बारिश होने के चलते इस बार बंपर पैदावार होने की प्रबल उम्मीद है।
वर्तमान में जिले के अमरपुर और फुल्लीडुमर सहित उन प्रखंडों में धान की कटाई तेजी से चल रही है, जहां शुरुआती दौर में रोपनी हुई थी। वहीं रजौन, धोरैया, बाराहाट और बौंसी जैसे अन्य प्रखंडों में अगले एक सप्ताह के भीतर फसल कटाई का काम पूरी रफ्तार पकड़ लेगा। फसल तैयार होने के साथ ही किसान अब अपनी उपज को एमएसपी पर बेचने के लिए तेजी से पंजीकरण करा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।