मुंगेर में मां चंडिका का दरबार सज-धजकर तैयार, सचिव की देखरेख में नवरात्र की तैयारी पूरी, आज से होंगे दर्शन
मुंगेर के प्रसिद्ध मां चंडिका मंदिर से बाढ़ का पानी पूरी तरह निकल गया है, जिससे शारदीय नवरात्र से पहले ...और पढ़ें

शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए सजे मुंगेर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चंडिका मंदिर का परिसर
HighLights
मां चंडिका मंदिर से बाढ़ का पानी पूरी तरह निकला।
शारदीय नवरात्र के लिए सभी तैयारियां मुकम्मल की गईं।
रविवार सुबह 4 बजे से श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। शक्तिपीठों में विशेष स्थान रखने वाले मुंगेर के प्रसिद्ध मां चंडिका मंदिर परिसर से बाढ़ का पानी शुक्रवार की रात पूरी तरह बाहर निकल गया है।
शारदीय नवरात्र के ठीक पहले बाढ़ का पानी उतर जाने और मंदिर के पूरी तरह तैयार हो जाने से मां चंडिका के भक्तों में भारी उत्साह और आस्था का माहौल है।
नवरात्र के पावन अवसर पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए मंदिर न्यास समिति तथा जिला प्रशासन ने चाक-चौबंद तैयारियां की हैं। रविवार सुबह चार बजे से श्रद्धालु कतारबद्ध होकर मां चंडिका के दर्शन और पूजन कर सकेंगे।
प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चंडिका मंदिर परिसर से बाढ़ का पानी पूरी तरह निकला; शारदीय नवरात्र पर पूजा-अर्चना की सभी तैयारियां मुकम्मल
रविवार सुबह चार बजे से श्रद्धालु गर्भगृह के बाहर से करेंगे मां चंडिका के सुलभ दर्शन; महिला और पुरुषों के लिए तय किए गए अलग-अलग रास्ते
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए 24 महिला-पुरुष पुलिस बल (3 शिफ्टों में) और 200 वालंटियर रहेंगे तैनात; 28 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
यातायात और पार्किंग के लिए नंदकुमार स्कूल मैदान निर्धारित; आईटीसी गेट के बाद वाहनों के प्रवेश पर रहेगा प्रतिबंध
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार मंदिर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई है। मुख्य प्रवेश द्वार से महिला श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश करेंगी, जबकि टीकारामपुर की ओर से बने रास्ते से पुरुष श्रद्धालुओं का प्रवेश कराया जाएगा।
-1791643929052.webp)
त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था और 28 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी; पांचवें दिन सजेगी भजन संध्या
सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर मंदिर परिसर में पुलिस बलों की तैनाती कर दी गई है।
मंदिर में 24 महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की तीन शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए समिति के 200 वालंटियर भी तैनात रहेंगे।
चंडिका स्थान न्यास समिति के सचिव सौरभ निधि ने बताया कि किसी भी उपद्रवी या भीड़भाड़ पर नजर रखने के लिए मंदिर परिसर में 28 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही, शारदीय नवरात्र की पांचवीं पूजा की शाम को मंदिर प्रांगण में भव्य भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा सफाई और लाइट की व्यवस्था; नंदकुमार स्कूल मैदान में बनेगी पार्किंग
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने मंदिर में लगे तीन हाई-मास्ट लाइटों को दुरुस्त करवा दिया है। महापौर कुमकुम देवी ने बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाएगा तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए तीन सफाई कर्मियों की तैनाती के साथ चार बड़े डस्टबिन रखे गए हैं।
यातायात नियंत्रण के लिए मंदिर पहुंचने वाले वाहनों का प्रवेश आईटीसी गेट के बाद वर्जित रहेगा। वाहन आईटीसी गेट के समीप यात्रियों को उतारकर नंदकुमार स्कूल मैदान (पार्किंग स्थल) पर पार्क किए जाएंगे। हालांकि, गीताबाबू रोड तीनबटिया से दलहट्टा दुर्गा स्थान तक का मुख्य मार्ग कई जगहों पर जर्जर होने के कारण न्यास समिति ने जिला प्रशासन से उसकी शीघ्र मरम्मत का अनुरोध किया है।
"मां चंडिका स्थान से बाढ़ का पानी पूरी तरह निकल चुका है। रविवार सुबह 4 बजे से श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिए जाएंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिसमें 24 पुलिसकर्मी और 200 वालंटियर तैनात रहेंगे। महिला और पुरुषों के लिए अलग कतार की व्यवस्था की गई है।"
